Tony Butala Death: हॉलीवुड की म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद और बुरी खबर सामने आई है. यहां इंडस्ट्री के फेमस और दिग्गज सिंगर टोनी बुटाला का निधन हो गया है. हॉलीवुड को 'द वे यू लुक टुनाइट' और 'एवरीथिंग इज गुड अबाउट यू' जैसे सदाबहार हिट गाने देने वाले टोनी बुटाला ने 87 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा है. टोनी बुटाला के निधन की पुष्टि उनके बैंड 'द लेटरमेन' की मीडिया कोऑर्डिनेटर ट्रेसी क्लार्क ने एसोसिएटेड प्रेस से की है. टोनी बुटाला के निधन की खबर से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी है. इंडस्ट्री की कई हस्तियों ने सोशल मीडिया पर टोनी बुटाला को श्रद्धांजलि देते हुए अपना दुख व्यक्त किया है.

टोनी बुटाला के निधन की खबर

ग्रैमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेटेड 'द लेटरमेन' के को-फाउंडर टोनी बुटाला के निधन की खबर ने सभी को हैरान कर दिया है. बैंड की मीडिया कोऑर्डिनेटर ट्रेसी क्लार्क ने सिंगर टोनी बुटाला के निधन की जानकारी देते हुए एक ऑफिशियल बयान भी शेयर किया, जिसमें उन्होंने लिखा, 'हमने 'द लेटरमेन' परिवार के एक खास सदस्य को खो दिया है. बहुत दुख के साथ हम टोनी बुटाला के हाल ही में गुजर जाने की खबर दे रहे हैं. जो इंटरनेशनल रिकॉर्डिंग आर्टिस्ट 'द लेटरमेन' के फाउंडिंग मेंबर थे और हॉलीवुड वॉक ऑफ फेम पर स्टार पाने वाले थे. हमारी दिल से दुआएं उनके बच्चों, नाती-पोतों, भाई-बहनों, उनकी जिंदगी के प्यार, पूरे लेटरमेन ऑर्गनाइजेशन और उन सभी के साथ हैं जो उन्हें जानते और प्यार करते थे.' हालांकि, इस रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि टोनी बुटाला की मौत के पीछे कारण क्या है?

बचपन में ही करियर की शुरुआत

टोनी बुटाला का जन्म 1938 में पेन्सिलवेनिया के शैरन में हुआ था. उन्होंने अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत 7 साल की उम्र से ही कर दी थी. उन्होंने 7 साल की उम्र में प्रोफेशनली गाना शुरू कर दिया था. 8 साल की उम्र में पिट्सबर्ग में KDKA रेडियो पर और 10 साल की उम्र में वह अपनी मां के साथ लॉस एंजिल्स चले गए, जहां वह 'मिशेल बॉयज क्वायर' में शामिल हो गए. वहां रहते हुए उन्होंने 'व्हाइट क्रिसमस', 'पीटर पैन', 'वॉर ऑफ द वर्ल्ड्स' और 'ऑन मूनलाइट बे' जैसी क्लासिक फिल्मों में काम किया.

'द लेटरमेन' की शुरुआत

इसके बाद 50 के दशक के आखिरी दशक में टोनी बुटाला ने जिम पाइक और बॉब एंगमैन के साथ मिलकर 'द लेटरमेन' ग्रुप की शुरुआत की. इसके बाद उन्हें कई हिट गाने मिले, जिनमें साल 1961 में फ्रेड एस्टेयर का 'द वे यू लुक टुनाइट' शामिल है. इस गाने से उन्हें अपनी पहली हिट मिली. उनका यह गाना साल 1962 में ग्रैमी के लिए नॉमिनेट किया गया. इसके बाद उन्होंने 'व्हेन आई फॉल इन लव', 'गोइन आउट ऑफ माई हेड', 'कांट टेक माई आइज ऑफ यू' और 'एवरीथिंग इज गुड अबाउट यू' जैसे कई हिट गाने दिए हैं.