Actress Daveigh Chase dies at 35: मशहूर हॉलीवुड एक्ट्रेस अब इस दुनिया में नहीं रहीं. फिल्म 'द रिंग' में समारा मॉर्गन और 'लिलो एंड स्टिच' में लिलो की आवाज के रूप में मशहूर डेवी चेस का 35 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. डेवी ने अपने करियर की शुरुआत चाइल्ड आर्टिस्ट से की थी.
एक्टिंग और आवाज से बनाई खास पहचान
द रिंग, लिलो एंड स्टिच और बिग लव जैसी फिल्मों से दुनियाभर में नाम कमाने वाली हॉलीवुड एक्ट्रेस डेवी चेज अब हमारे बीच नहीं रहीं. 35 वर्ष की आयु में मेनिन्जाइटिस और गंभीर ब्लड इंफेक्शन के कारण एक्ट्रेस का निधन हो गया. इंफेक्शन की वजह से डेवी को कई तरह की परेशानियां हो गई थीं. डेवी चेज 2000 के दशक की शुरुआत की सबसे पॉपुलर यंग एक्टर्स में से एक थीं, जिन्होंने एक्टिंग के साथ ही अपनी आवाज से शानदार पहचान हासिल की. हालांकि कुछ समय बाद डेवी लंबे समय तक फिल्मी दुनिया से दूर रहीं.
डेवी चेज संग क्या हुआ?
TMZ की रिपोर्ट के मुताबिक, एक्ट्रेस डेवी चेज का मंगलवार को निधन हो गया. उनके बॉयफ्रेंड रॉय हर्नांडेज ने बताया कि एक्ट्रेस की मौत मेनिन्जाइटिस और ब्लड इंफेक्शन के कारण हुई, जिससे कथित तौर पर सेप्टिक समस्याएं हुईं और बाद उनके शरीर ने काम करना बंद कर दिया. बताया जाता है कि कुपोषण के कारण एक्ट्रेस को इस महीने की शुरुआत में लॉस एंजिल्स के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. चेज के निधन की खबर ने उनके फैंस को हैरान कर दिया है.
कई टीवी शोज और फिल्मों में किया काम
लास वेगास में जन्मीं डेवी चेज ने बहुत कम उम्र में ही एक्टिंग करियर शुरू कर दिया था. शुरुआती करियर में उन्हें एक से बढ़कर एक रोल मिले और उन्होंने खूब नाम कमाया. चाइल्ड एक्ट्रेस के तौर पर डेवी ने कई टीवी शो और विज्ञापनों में काम किया. उन्होंने रिचर्ड केली की कल्ट क्लासिक फिल्म 'डॉनी डार्को' में लीड मुख्य किरदार की छोटी बहन सामंथा डार्को का रोल निभाया था. उसी दौरान, उन्होंने स्टूडियो घिबली की मशहूर एनिमेटेड फिल्म 'स्पिरिटेड अवे' के इंग्लिश वर्शन में चिहिरो ओगिनो को अपनी आवाज दी थी.
'लिलो एंड स्टिच' से मिली खास पहचान
लेकिन चेज की किस्मत तब बदली जब उन्होंने साल 2002 में आई डिज्नी की हिट एनिमेटेड फिल्म 'लिलो एंड स्टिच' में लिलो पेलेकाई को आवाज दी. उसी साल, उन्होंने हॉरर ब्लॉकबस्टर 'द रिंग' में समारा मॉर्गन के अपने किरदार से दुनियाभर के दर्शकों को दहला दिया. उनका ये भूतिया लुक देखकर हर कोई हैरान रह गया था. इस किरदार के लिए एक्ट्रेस को पूरी दुनिया में सराहना मिली थी और उन्हें इसके लिए बेस्ट विलेन फीमेल के लिए MTV मूवी अवार्ड से सम्मानित किया गया.
2016 में की आखिरी फिल्म
साल 2010 के बाद एक्ट्रेस का करियर धीरे-धीरे ढलने लगा. रिपोर्ट्स की मानें तो, कई कानूनी मामलों और पुलिस मुठभेड़ों के बाद उन्होंने एक्टिंग से दूरी बना ली. बाद में एक्ट्रेस को कई मामलों में दोषी पाया गया. उन पर ड्रग्स से संबंधित दो मामूली अपराधों का आरोप भी लगाया गया था. 2016 की हॉरर फिल्म 'जैक गोज होम' में डेवी को आखिरी बार देखा गया था.