Irma P. Hall Death: हॉलीवुड की पॉपुलर और दिग्गज एक्ट्रेस इरमा पी. हॉल अब हमारे बीच नहीं रहीं हैं. उनके निधन की खबर से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी है. 'सोल फ़ूड' और 'द लेडीकिलर्स' में मां के किरदार के लिए फेमस एक्ट्रेस इरमा पी. हॉल ने 91 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली. उनके निधन की जानकारी उनके परिवार ने दी है. 60 साल की उम्र में प्रसिद्धि हासिल करने वाली इरमा पी. हॉल के निधन पर कई हस्तियों ने शोक जताया है और उन्हें श्रद्धांजलि दी है.
इरमा पी. हॉल का निधन
एक्ट्रेस इरमा पी. हॉल के निधन की खबर उनके परिवार ने बुधवार को दी है. उन्होंने बताया कि दिग्गज एक्ट्रेस का मंगलवार को डलास में निधन हो गया. उनकी मौत कैसे और क्यों हुई, इसका कोई कारण नहीं बताया गया है.
कौन हैं इरमा पी. हॉल?
इरमा पी. हॉल का जन्म 3 जून, 1935 को टेक्सास के ब्यूमोंट में हुआ. उनकी परवरिश शिकागो में हुई और बाद में वे कॉलेज के लिए टेक्सास लौट आईं. उन्होंने 20 साल से ज्यादा समय तक डलास के पब्लिक स्कूलों में इंग्लिश और विदेशी भाषाएं पढ़ाया करती थीं. साल 1973 में आई फिल्म 'बुक ऑफ नंबर्स' से उन्होंने फिल्मी दुनिया में कदम रखा. हालांकि, एक्टिंग करते हुए उन्होंने टीचिंग का काम जारी रखा.
इरमा पी. हॉल का करियर
इरमा पी. हॉल को कोएन ब्रदर्स की 2004 की कॉमेडी 'द लेडीकिलर्स' में टॉम हैंक्स के साथ बाइबल पढ़ने वाली मकान मालकिन मार्वा मुनसन के रोल के लिए कान्स फिल्म फेस्टिवल जूरी प्राइज मिला था. इसके अलावा, इरमा पी. हॉल 'ए फैमिली थिंग', 'मिडनाइट इन द गार्डन ऑफ गुड एंड एविल', 'बिलव्ड', 'पैच एडम्स', 'कोलैटरल' और 'मीट द ब्राउन्स' में नजर आई थीं.
इरमा पी. हॉल ने 1996 में एसोसिएटेड प्रेस को दिए एक इंटरव्यू में कहा, 'मैं बस इस कला को बेहतर बनाने पर ध्यान दे रही थी. मुझे लगता है कि आपको कभी पता नहीं चलता कि आप कहां हैं, आप शायद सोचते हैं कि आप असल में जितने नीचे हैं, उससे कहीं नीचे हैं.'