Singer Richard Sterban Death: हॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री को आज एक बड़ा झटका लगा है. दरअसल, इंडस्ट्री के फेमस और दिग्गज सिंगर रिचर्ड स्टर्बन का निधन हो गया है. 'एलवीरा', 'बॉबी सू' और 'अमेरिकन मेड' जैसे हिट गाने देने वाले सिंगर रिचर्ड स्टर्बन ने 83 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली. सिंगर रिचर्ड स्टर्बन के निधन की खबर उनके परिवार और बैंड ने एक बयान जारी करते हुए दी है. उनके निधन की खबर ने पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री को हिला कर रख दिया है. कई हस्तियों ने रिचर्ड स्टर्बन की मौत पर दुख व्यक्त किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी.

रिचर्ड स्टर्बन का निधन

ग्रैमी अवॉर्ड जीतने वाले 'गॉस्पेल क्वार्टेट द ओक रिज बॉयज' के बेस वोकलिस्ट रिचर्ड स्टर्बन के परिवार और बैंड ने उनके निधन की जानकारी दी. सिंगर के परिवार और बैंड ने एक बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने बताया कि रिचर्ड स्टर्बन का निधन शनिवार 14 नवंबर 2026 को हुआ. उनके बैंड ने अपने बयान में कहा, रिचर्ड स्टर्बन साल 1972 से बैंड के साथ थे. कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद ब्रोंकाइटिस और निमोनिया की दिक्कतों की वजह से टेनेसी के हेंडरसनविले में उनकी मौत हो गई. वो 2025 तक ग्रुप के साथ रेगुलर टूर करते रहे.'

म्यूजिक की मजबूत ताकत

एक बयान में कंट्री म्यूजिक हॉल ऑफ फेम के CEO काइल यंग ने कहा, 'रिचर्ड स्टर्बन ने कमर्शियल कंट्री म्यूजिक को उसकी गहरी गॉस्पेल जड़ों से जोड़ने के लिए अपनी खास बेस आवाज का इस्तेमाल किया और वे कंट्री म्यूजिक में एक मजबूत ताकत और एक बुनियादी हस्ती हैं.' यंग ने आगे कहा, 'उन्होंने सुपरग्रुप को 17 नंबर 1 हिट, दुनिया भर में प्रशंसकों की भीड़ और कंट्री म्यूजिक हॉल ऑफ फेम में एक अच्छी जगह हासिल करने में मदद की.'

रिचर्ड स्टर्बन का परिवार

रिचर्ड स्टर्बन ने 83 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कहा और अपने पीछे अपना परिवार छोड़ गए. उनके परिवार में उनकी पत्नी डोना, बेटियां लॉरेन और टोरी, बेटे रिच, डग और क्रिस और 11 पोते-पोतियां और परपोते-परपोतियां हैं.