Singer Donnie Iris Death: हॉलीवुड की म्यूजिक इंडस्ट्री से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां इंडस्ट्री के दिग्गज सिंगर और सॉन्ग राइटर डॉनी आइरिस का निधन हो गया है. जानकारी के अनुसार, सिंगर डॉनी आइरिस पिछले तीन सालों से ब्लैडर कैंसर से जूझ रहे थे. कैंसर से जिंदगी की जंग लड़ते हुए डॉनी आइरिस ने 83 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है. उनके निधन की जानकारी उनके परिवार और दोस्तों ने दी है. डॉनी आइरिस की मौत की खबर से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी है. कई मशहूर हस्तियों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया और सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी.

परिवार ने दी निधन की जानकारी

सिंगर डॉनी आइरिस के परिवार और दोस्तों ने पिट्सबर्ग पोस्ट-गजट को एक ऑफिशियल बयान देते हुए दिग्गज सिंगर के निधन की खबर दी. डॉनी आइरिस के दोस्त ग्रुशेकी ने सिंगर को याद करते हुए कहा, 'मेरे हिसाब से, वह अब तक के सबसे प्यारे पिट्सबर्ग म्यूजिशियन थे. मैं किसी ऐसे व्यक्ति को नहीं जानता जिसे डॉनी से ज्यादा प्यार किया गया हो. उनमें बस एक अपनापन था, और यह उनकी परफॉर्मेंस में दिखता था.'

बेस्ट फ्रेंड ने दी श्रद्धांजलि

डॉनी आइरिस के बेस्ट फ्रेंड मार्क एवसेक ने उन्हें याद करते हुए पोस्ट में लिखा, 'उस रात वह चिड़िया की तरह गा रहा था. पहली बार था जब वह कुर्सी पर बैठा था, और उसे यह पसंद नहीं आया. लेकिन, कैंसर फैल रहा था और वह दर्द में था. वह सच में वो शो करना चाहता था और लोगों के साथ रहना चाहता था.'

कौन थे डॉनी आइरिस?

डॉनी आइरिस का जन्म 1943 में पिट्सबर्ग में हुआ था. उन्होंने बहुत कम उम्र में ही म्यूजिक के साथ अपना रिश्ता जोड़ लिया था. उन्होंने हाई स्कूल में एक डू-वॉप ग्रुप में गाना और परफॉर्म करना शुरू किया. इसके बाद वह रॉक 'एन' रोल और R&B कवर बैंड में चले गए. फिर साल 1964 में वह 'द जैगर्ज' बने. इसके बाद साल 1969 में 'इंट्रोड्यूसिंग द जैगर्ज' नाम से उन्होंने अपना पहला एल्बम रिलीज किया. 70 के दशक में सिंगर आइरिस ग्रुप में शामिल हुए, जहां उन्होंने एक से बढ़कर एक गाने गाए, जिनमें 'लव इज लाइक ए रॉक' और 'आह! लाह…' भी शामिल हैं.