Singer Bruno Mars Father Peter Hernandez Death: हॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री के मोस्ट पॉपुलर सिंगर ब्रूनो मार्स पर दुखों का पहाड़ टूट गया है. दरअसल, ब्रूनो मार्स के पिता पीटर हर्नांडेज का निधन हो गया है. उन्होंने 74 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली है. अपने पिता के निधन की जानकारी खुद सिंगर ब्रूनो मार्स ने सोशल मीडिया पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर करते हुए दी. अपने पिता के निधन से दुखी सिंगर ब्रूनो ने इमोशनल पोस्ट में पापा पीटर हर्नांडेज को भावभीनी श्रद्धांजलि दी. अपनी पोस्ट में 'APT.' और 'डाय विद स्माइल' फेम सिंगर ने उन्हें दुनिया का सबसे महान पिता बताया है.
पिता के निधन से टूटे सिंगर
ग्रैमी अवॉर्ड विनर म्यूजिशियन और सिंगर ब्रूनो मार्स ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने पिता के निधन की खबर दी और उन्हें भावुक श्रद्धांजलि दी. ब्रूनो मार्स ने कैप्शन में लिखा, 'पिछले हफ्ते मुझे अपने पिता को आखिरी बार गले लगाने का मौका मिला. अगर आपने कभी मुझे उनके बारे में बात करते देखा होगा, तो मैंने हमेशा यही कहा है कि उन्होंने ही मुझे वह सब कुछ सिखाया है, जो मैं आज जानता हूं, खासकर म्यूजिक के मामले में.'
आई लव यू पापा…
ब्रूनो मार्स ने आगे लिखा, 'उन्होंने मेरी चार खूबसूरत बहनों, मेरे भाई और मुझे पाला-पोसा है. मेरी नजर में वो दुनिया के सबसे बेहतरीन पिता थे और जब तक हम दोबारा नहीं मिलते, मुझे उनकी हर दिन याद आएगी. आई लव यू पापा. ऊपर जाकर मेरी तरफ से मां को किस करना.'
ब्रूनो मार्स के पिता
ब्रूनो मार्स के पिता पीटर हर्नांडेज की शादी बर्नाडेट से हुई थी. बर्नाडेट का 2013 में ही निधन हो गया था. उनकी मौत सिंगर के लिए एक बहुत बड़ा पर्सनल लॉस था, जो अक्सर अपनी परवरिश और म्यूजिकल करियर की सफलता के लिए अपने परिवार की बात करते रहे हैं.
ब्रूनो के पिता पीटर ने उन्हें म्यूजिक से इंट्रोड्यूस कराने में अहम रोल निभाया. ब्रूनो ने कई सालों से कॉन्सर्ट और इंटरव्यू के दौरान अक्सर अपने पिता को सम्मान दिया है.