हॉलीवुड और ग्लैमर की दुनिया से एक दुखद खबर सामने आई है. मशहूर सिंगर जस्टिन बीबर की रूमर्ड एक्स गर्लफ्रेंड और स्विमवियर डिजाइनर सहारा रे का 34 साल की उम्र में निधन हो गया है. सहारा ने 18 अक्टूबर को अस्पताल में आखिरी सांस ली. उनके परिवार ने इस दुखद खबर की जानकारी शेयर की. हैरानी की बात यह है कि सहारा कुछ महीने पहले ही मां बनी थीं. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी बेटी के लिए एक भावुक पोस्ट भी शेयर किया था. ऐसे में उनके अचानक निधन की खबर से फैंस दुखी हैं.
कैसे हुई सहारा रे की मौत?
सहारा रे के निधन की खबर ने उनके चाहने वालों को झकझोर कर रख दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके परिवार ने बताया कि 18 अक्टूबर को अस्पताल में परिवार के करीबी सदस्यों के बीच उन्होंने दम तोड़ दिया. परिवार ने कहा कि सहारा घर के हर सदस्य की चहेती थी, उन्होंने परिवरा से बहुत प्यार मिलता था. हालांकि, उनकी मौत किस वजह से हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है.
इस गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं सहारा
सहारा रे ने कुछ समय पहले अपनी बीमारी के बारे में भी खुलकर बात की थी. वह गिलियन-बैरे सिंड्रोम से पीड़ित थीं. यह एक दुर्लभ बीमारी है, जिसमें शरीर का इम्यून सिस्टम गलती से नसों पर हमला करने लगता है. सहारा ने बताया था कि एक गंभीर कार दुर्घटना के बाद उन्हें इस बीमारी का सामना करना पड़ा और इसके चलते उन्हें हल्का पैरालाइज भी हो गया था.
मौत का क्या बीमारी से था कोई संबंध?
हालांकि, उनकी मौत का इस बीमारी से कोई संबंध था या नहीं, इसकी अभी सच्चाई सामने नहीं आई है. ऐसे में उनकी बीमारी को निधन से जोड़कर देखना ठीक नहीं होगा.
मां बनने के बाद शेयर की थी आखिरी पोस्ट
सहारा रे की जिंदगी में हाल ही में मां बनने के बाद खुशियों का नया दौर शुरू हुआ था. उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया था. अपने आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट में उन्होंने अपनी नन्ही बच्ची के लिए प्यार जाहिर किया था. सहारा ने बेटी को अपना पूरा दिल बताया था. अब उनके निधन की खबर सामने आने के बाद उनकी यह पोस्ट चर्चा में है. फैंस के लिए यह यकीन करना मुश्किल हो रहा है कि कुछ महीने पहले मां बनीं सहारा अब इस दुनिया में नहीं हैं.
जस्टिन बीबर के साथ जुड़ा था नाम
सहारा रे ने मॉडलिंग और सोशल मीडिया की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई थी. उन्होंने अपना स्विमवियर ब्रांड 'सहारा रे स्विम' भी शुरू किया था. साल 2016 में जस्टिन बीबर के साथ उनकी कुछ तस्वीरें सामने आई थीं, जिसके बाद वह सुर्खियों में आ गई थीं. इसके अलावा उनका नाम ऑस्ट्रेलियाई सिंगर कोडी सिम्पसन के साथ भी जोड़ा गया था.
फैंस और करीबियों में शोक की लहर
सहारा के पिता टोनी रे ऑस्ट्रेलिया की जानी-मानी सख्सियत रहे हैं. सहारा ने अपना बचपन ऑस्ट्रेलिया और कैलिफोर्निया के बीच बिताया था. वह पिछले कुछ सालों से ग्लैमर की दुनिया से दूर थीं.