मनोरंजन जगत से एक बार फिर दुखद खबर सामने आई है, जहां फिल्मों से लेकर टीवी तक में 400 से ज्यादा प्रोजेक्ट में काम कर चुके मशहूर अभिनेता ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है, रिचर्ड रीहले जिन्होंने कॉमेडी फिल्म 'ऑफिस स्पेस' में टॉम स्माइकोव्स्की का किरदार निभाकर दमदार पहचान बनाई उन दिग्गज एक्टर का 78 साल की उम्र में निधन हो गया है. रिचर्ड के निधन की खबर सुकर उनके फैंस और दोस्तों को गहरा सदमा लगा है.
78 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिचर्ड रीहले का निधन 15 अक्टूबर को लॉस एंजिल्स में हुआ. TMZ की रिपोर्ट में उनके दोस्तों के हवाले से बताया गया कि अभिनेता की मौत नेचुरली हुई है. हालांकि, उनके निधन की आधिकारिक वजह को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. उनके जाने से हॉलीवुड ने एक ऐसे कलाकार को खो दिया है, जिसने दशकों तक फिल्मों और टेलीविजन की दुनिया में अपनी अदाकारी का जलवा दिखाया.
पत्नी जेन लैथम और चार बच्चों को छोड़ गए पीछे
रिचर्ड रीहले की निजी जिंदगी की बात करें, तो उन्होंने 20 सितंबर 1970 को जेन लैथम से शादी की थी. दोनों लंबे समय से साथ थे और उनके चार बच्चे हैं. रीहले ने अपने करियर में खूब नाम कमाया, लेकिन अपनी निजी जिंदगी को हमेशा लाइमलाइट से दूर रखा. वह उन कलाकारों में शामिल थे, जिन्होंने पर्दे पर अलग-अलग किरदार निभाकर अपनी पहचान बनाई.
'ऑफिस स्पेस' से मिली खास पहचान
रिचर्ड रीहले को सबसे ज्यादा पहचान कॉमेडी फिल्म 'ऑफिस स्पेस' से मिली थी. साल 1999 में आई इस फिल्म में उन्होंने टॉम स्माइकोव्स्की का किरदार निभाया था. फिल्म की कहानी एक टेक्नोलॉजी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारियों की परेशानियों और ऑफिस के माहौल पर आधारित थी. इसमें रीहले का किरदार एक प्रोडक्ट मैनेजर का था, जिसकी नौकरी पर छंटनी का खतरा मंडरा रहा था. उनकी अदाकारी ने इस किरदार को यादगार बना दिया.
400 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स में किया काम
रिचर्ड रीहले का करियर काफी शानदार रहा. उन्होंने 400 से ज्यादा फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स में काम किया. 'ऑफिस स्पेस' के अलावा वह 'ब्राइड्समेड्स', 'द फ्यूजिटिव', 'कैसीनो', 'फ्राइड ग्रीन टोमैटोस' और 'फियर एंड लोथिंग इन लास वेगास' जैसी फिल्मों में नजर आए.
टीवी की दुनिया में बनाई खास जगह
टीवी की दुनिया में भी उन्होंने अपनी खास जगह बनाई. वह 'द गोल्डन गर्ल्स', 'रोजैनट, 'ईआर', 'द वेस्ट विंग' और 'मॉडर्न फैमिली' जैसे पॉपुलर शोज का हिस्सा रहे. इसके अलावा उन्होंने 'स्टार ट्रेक' फ्रैंचाइजी में भी काम किया और एनिमेटेड सीरीज 'द लीजेंड ऑफ कोरा' में बुमी के किरदार को अपनी आवाज दी.