कहते हैं न जिंदगी का कोई भरोसा नहीं…आज ऐसी ही एक दिल तोड़ देने वाली खबर ने फैंस को सदमे में डाल दिया है. पेजेंट दुनिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां मिस अर्थ इंडोनेशिया 2025 रहीं पुत्री एंड्रियानी जुफिचा का 25 साल की उम्र निधन हो गया. उनके निधन की खबर 14 अगस्त को सामने आई, जो उनके लिए बेहद खास दिन होने वाला था. इसी दिन वह अपना 26वां जन्मदिन मनाने वाली थीं. लेकिन जन्मदिन की खुशियों से पहले ही उनके परिवार, दोस्तों और फैंस पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.

ब्यूटी क्वीन का निधन

पुत्री एंड्रियानी जुफिचा इंडोनेशिया की जानी-मानी पेजेंट क्वीन थीं. उन्होंने अपनी खूबसूरती के साथ-साथ सामाजिक और पर्यावरण से जुड़े कामों के जरिए भी लोगों के बीच खास पहचान बनाई थी. उन्हें मिस अर्थ इंडोनेशिया 2025 का खिताब मिला था. इसके अलावा वह मिस ग्रैंड इंडोनेशिया 2025 प्रतियोगिता में रनर अप भी रही थीं.

---विज्ञापन---

छोटी सी उम्र में छोड़ी दुनिया

पेजेंट की चमक दमक से अलग पुत्री पर्यावरण को लेकर काफी सक्रिय थीं. वह रीसाइक्लिंग, नदियों के संरक्षण और सस्टेनेबल लाइफस्टाइल जैसे मुद्दों को लेकर लोगों को जागरूक करती थीं. पर्यावरण संरक्षण को लेकर उनकी कोशिशों ने उन्हें सिर्फ पेजेंट की दुनिया में ही नहीं, बल्कि सामाजिक स्तर पर भी पहचान दिलाई.

सदमे में फैंस-परिवारजन

उनके निधन की खबर सामने आने के बाद पेजेंट से जुड़े लोगों और उनके चाहने वालों के बीच शोक की लहर दौड़ गई. इतनी कम उम्र में उनका यूं दुनिया से चले जाना हर किसी के लिए किसी सदमे से कम नहीं है. खासकर इसलिए भी कि वह अपने 26वें जन्मदिन की तैयारी करने वाली थीं.

---विज्ञापन---

क्या थी मौत की वजह?

फिलहाल पुत्री एंड्रियानी जुफिचा की मौत की वजह सामने नहीं आई है. परिवार या संबंधित अधिकारियों की ओर से इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. ऐसे में उनके निधन को लेकर किसी तरह की अटकल लगाना ठीक नहीं होगा.

छोटी सी उम्र में बनाई बड़ी पहचान

पुत्री ने अपने छोटे से जीवन में पेजेंट के मंच से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक अपनी अलग पहचान बनाई. उनकी उपलब्धियां और पर्यावरण के लिए किए गए काम लंबे समय तक लोगों को याद रहेंगे. उनके निधन से इंडोनेशिया की पेजेंट इंडस्ट्री ने एक होनहार चेहरा खो दिया है. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को इस मुश्किल घड़ी में हिम्मत प्रदान करे.

---विज्ञापन---