हॉलीवुड इंडस्ट्री से एक बेहद दिल खुश कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां लंबे समय से पॉपुलर फिल्म फ्रैंचाइजी 'पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन' के छठे पार्ट का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है, वहीं एक सवाल भी उनके जहन में रह-रहकर उठता है कि क्या फिर से जॉनी डेप कैप्टन जैक स्पैरो के किरदार में वापसी करेंगे, इस सवाल का जवाब अब खुद जॉनी डेप ने जवाब दिया है.

जैक स्पैरो बनेंगे या नहीं जॉनी डेप?

जॉनी डेप इन दिनों अपनी फिल्म 'एबेनेजर' के प्रेस टूर में बिजी हैं. इसी दौरान उनसे 'पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन 6' में वापसी को लेकर सवाल किया गया. एक्टर ने अपने जवाब में फ्रैंचाइजी के निर्माता जेरी ब्रुकहाइमर के साथ अपने खास रिश्ते का जिक्र किया. उन्होंने साफ कहा कि अगर जेरी ब्रुकहाइमर उनके साथ काम करना चाहते हैं, तो वह उन्हें मना नहीं करेंगे.

जॉनी डेप और जेरी ब्रुकहाइमर के साथ है गहरी दोस्ती

वैराइटी की रिपोर्ट के मुताबिक, जॉनी डेप ने कहा कि वह जेरी ब्रुकहाइमर के साथ किसी भी प्रोजेक्ट पर काम करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा, 'निर्माता संग उनकी गहरी दोस्ती है.' एक्टर की इस बात ने फैंस को जैक स्पैरो की वापसी की उम्मीद जरूर दे दी है. हालांकि, एक्टर ने अभी फिल्म में अपनी एंट्री कंफर्म नहीं की है.

जेरी ब्रुकहाइमर भी दे चुके हैं बड़ा हिंट

जॉनी डेप की वापसी को लेकर चर्चाएं नई नहीं हैं. साल 2025 की शुरुआत में निर्माता जेरी ब्रुकहाइमर ने भी खुलासा किया था कि उन्होंने एक नई 'पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन' फिल्म को लेकर जॉनी डेप से बातचीत की है.

मेकर्स ने जॉनी डेप की वापसी पर कही थी ये बात

उन्होंने कहा था कि अगर जॉनी को फिल्म की स्क्रिप्ट पसंद आती है, तो वह इसमें काम कर सकते हैं. फिलहाल मेकर्स सही स्क्रीनप्ले तैयार करने में जुटे हैं. निर्माता के मुताबिक, फिल्म को लेकर काम जारी है और उन्हें एक बेहतरीन कहानी की तलाश है.

2003 में शुरू हुआ था जैक स्पैरो का सफर

'पाइरेट्स ऑफ द कैरेबियन' फ्रैंचाइजी की शुरुआत साल 2003 में फिल्म 'द कर्स ऑफ द ब्लैक पर्ल' से हुई थी. इसमें जॉनी डेप ने कैप्टन जैक स्पैरो का ऐसा किरदार निभाया, जो दुनियाभर में मशहूर हो गया. उनकी मजेदार हरकतों, अनोखे अंदाज और शानदार कॉमिक टाइमिंग ने इस किरदार को यादगार बना दिया.

फैंस को जॉनी डेप की वापसी का इंतजार

इसके बाद इस फ्रैंचाइजी की चार और फिल्में रिलीज हुईं. अब छठे पार्ट को लेकर तैयारियां चल रही हैं. हालांकि, अभी तक जॉनी डेप की वापसी पर आधिकारिक मुहर नहीं लगी है. ऐसे में फैंस को इंतजार है कि क्या उनका पसंदीदा समुद्री डाकू एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाएगा.