हांगकांग फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज एक्टर, डायरेक्टर और प्रोड्यूसर पैट्रिक त्से यिन का 89 साल की उम्र में निधन हो गया. उनके जाने से एशियाई सिनेमा ने अपना एक बड़ा सितारा खो दिया है. परिवार ने सोशल मीडिया के जरिए उनके निधन की जानकारी दी और बताया कि लंबे समय से खराब सेहत के बाद उन्होंने अस्पताल में अपने परिवार के बीच अंतिम सांस ली.
बेटे-बेटी ने शेयर की दुखद खबर
पैट्रिक त्से के बेटे और मशहूर एक्टर-सिंगर निकोलस त्से और बेटी जेनिफर त्से ने भावुक पोस्ट शेयर करते हुए फैंस से अपील की कि वे उनके पिता को दुख के साथ नहीं, बल्कि उनकी मुस्कुराती और हमेशा आकर्षक छवि के साथ याद रखें, निकोलस ने लिखा कि उनके पिता ने पूरी जिंदगी फिल्मों और मनोरंजन जगत को समर्पित कर दी. मुश्किल दौर में भी उनका एक ही मंत्र था, 'शो चलता रहना चाहिए.'
क्या था असली नाम?
पैट्रिक त्से का असली नाम त्से का-युक था, लेकिन दुनिया उन्हें उनके स्टेज नेम त्से यिन से जानती थी. उनका जन्म चीन के ग्वांगडोंग प्रांत में हुआ था, लेकिन बचपन में ही उनका परिवार हांगकांग आ गया. दिलचस्प बात यह है कि करियर की शुरुआत में उन्हें एक एक्टिंग ट्रेनिंग कोर्स में रिजेक्ट कर दिया गया था. हालांकि किस्मत ने जल्द ही उनका साथ दिया और 1954 में फिल्म 'सेव योर वॉटर सप्लाई' से उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत की.
करियर में दी कई हिट फिल्में
इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा. 1950 के दशक से लेकर 2020 के दशक तक उन्होंने 100 से ज्यादा फिल्मों और टीवी सीरीज में काम किया. 1970 के दशक में उन्होंने टीवी की दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई. फैंस उन्हें प्यार से 'ब्रदर फोर' या 'सेई गोर' कहकर बुलाते थे, जो उनकी पहचान बन गया.
कई अवॉर्ड्स से हुए सम्मानित
1980 के दशक के आखिर में वह कनाडा चले गए, लेकिन 2000 के दशक में फिर इंडस्ट्री में लौटे. वापसी के बाद उन्होंने स्टीफन चाउ की सुपरहिट फिल्म 'शाओलिन सॉकर' समेत कई फिल्मों में काम किया. साल 2019 में उन्हें हांगकांग फिल्म अवॉर्ड्स में लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. वहीं 2022 में फिल्म 'टाइम' के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड जीतकर उन्होंने इतिहास रच दिया और यह सम्मान पाने वाले सबसे उम्रदराज अभिनेता बने.
फैंस के दिलों में रहेंगे जिंदा
करीब सात दशकों तक दर्शकों का मनोरंजन करने वाले पैट्रिक त्से अब इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी शानदार फिल्में और यादगार किरदार उन्हें हमेशा फैंस के दिलों में जिंदा रखेंगे.