Barbara Barrie: हॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है. ऑस्कर के लिए नॉमिनेटेड मशहूर अमेरिकी एक्ट्रेस बारबरा बैरी का 95 साल की उम्र में निधन हो गया है. वह फिल्म 'ब्रेकिंग अवे' में अपने शानदार अभिनय के लिए जानी जाती थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने मैनहट्टन स्थित अपने घर पर मेडिकल हेल्प से आखिरी सांस ली. वह लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं. उनके निधन की खबर से फिल्म और थिएटर जगत में शोक की लहर है.
कैंसर से जूझ रही थीं बारबरा बैरी
'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की रिपोर्ट के मुताबिक, बारबरा बैरी की बेटी जेन हारनिक ने उनके निधन की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अभिनेत्री को टर्मिनल कैंसर था. इसके अलावा, साल 2014 में उन्हें इडियोपैथिक पल्मोनरी फाइब्रोसिस नाम की बीमारी का भी पता चला था. यह फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारी है, जिसमें लंग्स पर निशान पड़ने लगते हैं और सांस लेने में परेशानी होती है.
'ब्रेकिंग अवे' से मिली खास पहचान
बारबरा बैरी ने अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाए. साल 1979 में आई फिल्म 'ब्रेकिंग अवे' में उन्होंने एवलिन स्टोलर का किरदार निभाया था. इस फिल्म में उनके अभिनय को खूब सराहा गया और उन्हें सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री की श्रेणी में ऑस्कर के लिए नॉमिनेट किया गया.
कान फिल्म फेस्टिवल में मिला सर्वश्रेष्ठ एक्ट्रेस का अवॉर्ड
इससे पहले, 1964 में फिल्म 'वन पोटैटो, टू पोटैटो' में जूली का किरदार निभाकर उन्होंने कान फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता था. इस उपलब्धि ने उन्हें अभिनय की दुनिया में खास पहचान दिलाई.'
टीवी और थिएटर में भी छोड़ी छाप
बारबरा बैरी का टैलेंट सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं था. उन्होंने टीवी और थिएटर में भी शानदार काम किया. वह पॉपुलर टीवी सीरीज 'बार्नी मिलर' में एलिजाबेथ मिलर के किरदार में नजर आईं. वहीं, फिल्म 'प्राइवेट बेंजामिन' में उन्होंने गोल्डी हॉन की मां की भूमिका निभाई थी.
एमी अवॉर्ड के लिए मिला था नॉमिनेशन
'ब्रेकिंग अवे' पर आधारित टेलीविजन सीरीज में उनके काम के लिए उन्हें 1981 में एमी अवॉर्ड के लिए भी नॉमिनेशन मिला था. इसके अलावा, स्टीफन सोंडहाइम के मशहूर नाटक 'कंपनी' में सारा की भूमिका निभाने के लिए उन्हें टोनी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया था.
अभिनेत्री होने के साथ लेखिका भी थीं बारबरा
बारबरा बैरी अभिनय के अलावा राइटिंग में भी दिलचस्पी रखती थीं. उन्होंने बच्चों के लिए 'लोन स्टार' और 'एडम जिगजैग' जैसी किताबें लिखीं. इसके अलावा, कैंसर से अपने संघर्ष और जिंदगी के अनुभवों पर आधारित 'सेकंड एक्ट' और 'डोंट डाई ऑफ एम्बैरसमेंट' नाम की किताबें भी लिखीं.
बारबरा बैरी ने छोड़ी पीछे विरासत
उनके परिवार में बेटी जेन हारनिक और बेटा आरोन हारनिक हैं. उनके पति और आर्टिस्टिक डायरेक्टर जे हारनिक का साल 2007 में निधन हो गया था. बारबरा बैरी अपने पीछे अभिनय की दुनिया में यादगार काम और कई शानदार किरदारों की विरासत छोड़ गई हैं.