हॉलीवुड से महज 48 घंटे के अंदर दो दुखद खबरों ने फैंस को झकझोर दिया है. दिग्गज अभिनेता टिम करी के निधन के बाद अब मशहूर वॉइस एक्टर पीटर कुलेन ने भी दुनिया को अलविदा कह दिया. 'ट्रांसफॉर्मर्स' के आइकॉनिक किरदार ऑप्टिमस प्राइम को अपनी दमदार आवाज देने वाले पीटर कुलेन का 85 साल की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन की खबर सामने आते ही दुनियाभर में मौजूद फैंस के बीच शोक की लहर दौड़ गई.

परिवार ने दी निधन की जानकारी

पीटर कुलेन के निधन की पुष्टि उनके एजेंट केविन मोटली ने 'द हॉलीवुड रिपोर्टर' से बातचीत में की. परिवार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, अभिनेता ने लॉस एंजेलिस स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली. निधन के वक्त उनके परिवार के सदस्य उनके साथ मौजूद थे.

---विज्ञापन---

परिवार ने शेयर किया भावुक पोस्ट

परिवार ने भावुक बयान में कहा कि पीटर कुलेन शांति से इस दुनिया से विदा हुए. उन्होंने यह भी कहा कि अभिनेता अपने परिवार, दोस्तों और दुनियाभर के फैंस के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे. परिवार ने लोगों से अपील की कि वे लोगों की सेवा और दूसरों का मार्गदर्शन करके पीटर की विरासत को आगे बढ़ाएं.

'ऑप्टिमस प्राइम' की आवाज ने बनाया खास

पीटर कुलेन को सबसे ज्यादा पहचान साल 1984 की एनिमेटेड सीरीज 'ट्रांसफॉर्मर्स' से मिली. इसमें उन्होंने ऑटोबॉट्स के लीडर ऑप्टिमस प्राइम को अपनी भारी और दमदार आवाज दी थी. उनकी आवाज इतनी पॉपुलर हुई कि यह किरदार उनकी पहचान का हिस्सा बन गया.

---विज्ञापन---

अपनी दमदार आवाज के दम पर बनाई पहचान

साल 2007 में जब 'ट्रांसफॉर्मर्स' की लाइव-एक्शन फिल्मों की शुरुआत हुई, तब भी पीटर ने ऑप्टिमस प्राइम के लिए अपनी आवाज दी. 2023 तक उन्होंने इस किरदार को अपनी आवाज से जीवंत रखा. यही वजह है कि ट्रांसफॉर्मर्स के फैंस के लिए पीटर कुलेन सिर्फ एक वॉइस आर्टिस्ट नहीं, बल्कि ऑप्टिमस प्राइम की आवाज के तौर पर खास जगह रखते हैं.

कई मशहूर किरदारों को दी अपनी आवाज

पीटर कुलेन का करियर सिर्फ 'ट्रांसफॉर्मर्स' तक सीमित नहीं था. उन्होंने कई फिल्मों और टीवी सीरीज में अपनी आवाज का जादू बिखेरा. वह 'विनी द पूह' के मशहूर किरदार इयोर को आवाज देने के लिए भी जाने जाते थे.
इसके अलावा उन्होंने 'इनविंसिबल', 'वोल्ट्रॉन', 'स्पाइडर मैन एंड हिज अमेजिंग फ्रेंड्स' जैसे कई प्रोजेक्ट्स में काम किया.

---विज्ञापन---

फैंस के दिलों में हमेशा रहेंगे जिंदा

पीटर कुलेन ने 1963 में कनाडा के नेशनल थिएटर स्कूल से ग्रेजुएशन पूरी की थी. इसके बाद उन्होंने बतौर अनाउंसर और वॉइस आर्टिस्ट अपने करियर की शुरुआत की थी. हालांकि, उनके निधन की वजह अभी तक सामने नहीं आई है. उनके जाने से मनोरंजन जगत ने एक ऐसी आवाज खो दी है, जिसे कई पीढ़ियां हमेशा याद रखेंगी.