Amber Eggers Death: अमेरिकी रियलिटी टीवी शो 'लव आफ्टर लॉकअप' (Love After Lockup) से घर-घर में अपनी पहचान बनाने वाली मशहूर स्टार एम्बर एगर्स (Amber Eggers) का 41 वर्ष की आयु में निधन हो गया है. इस खबर से उनके प्रशंसकों और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. गंभीर बीमारी के बाद उन्हें अटलांटा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. उनकी मां ने इस दुखद खबर की पुष्टि करते हुए मौत की असली वजह बताई है.

अस्पताल में ली आखिरी सांस

रियलिटी टीवी शो के जरिए दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाने वाली एम्बर एगर्स ने 3 सितंबर 2026 की रात अटलांटा के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली. तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें कई दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था. सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के बाद 4 सितंबर को उनकी मां मोनिका एगर्स (Monica Eggers) ने आधिकारिक तौर पर उनकी मृत्यु की पुष्टि की.

---विज्ञापन---

'एक्यूट लिवर फेलियर' बनी वजह

मीडिया रिपोर्ट से बात करते हुए एम्बर की मां ने बताया कि डॉक्टरों ने उनकी बेटी के दिल की धड़कनें वापस लाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे. उन्होंने खुलासा किया कि एम्बर की मौत की मुख्य वजह 'एक्यूट लिवर फेलियर' (Acute Liver Failure) यानी लिवर का अचानक पूरी तरह से काम बंद कर देना रहा, जिससे शरीर के बाकी अंगों ने जवाब दे दिया.

रियलिटी शो से मिली थी पहचान

एम्बर एगर्स ने साल 2019 में रियलिटी शो 'लव आफ्टर लॉकअप' के जरिए काफी लोकप्रियता हासिल की थी. शो के दौरान जेल में रहते हुए उनका रिश्ता विन्सेंट गोंजालेज (Vincent Gonzalez) के साथ चर्चा में आया था. जेल से बाहर आने के बाद हालांकि उनका ब्रेकअप हो गया था. इसके बाद वे शो के स्पिन-ऑफ 'लाइफ आफ्टर लॉकअप' (Life After Lockup) में भी अपनी साथी पपी डीटन के साथ नजर आई थीं.

---विज्ञापन---

लंबे समय से सेहत से संघर्ष

एम्बर पिछले काफी समय से कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं. साल 2025 में उन्हें गंभीर निमोनिया हुआ था, जो बाद में सेप्सिस और मल्टीपल ऑर्गन फेलियर में बदल गया था. उस समय उन्हें लाइफ सपोर्ट पर रखा गया था. हालांकि वे उससे उबरकर घर लौट आई थीं, लेकिन हाल ही में उन्हें एक छोटा स्ट्रोक (Mini Stroke) भी आया था, जिससे उनका शरीर काफी कमजोर हो चुका था.

सोशल मीडिया पर आखिरी पोस्ट

इंस्टाग्राम पर 91 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स रखने वाली एम्बर सोशल मीडिया पर अपनी जिंदगी के अपडेट्स शेयर करती रहती थीं. उन्होंने 29 जुलाई 2026 को अपनी आखिरी तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें वे एक रेस्टोरेंट के बाहर अस्पताल के गाउन में नजर आ रही थीं. उनके अचानक दुनिया से चले जाने के बाद उनके फैंस सोशल मीडिया पर भावुक होकर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

---विज्ञापन---