Olu Jacobs Passes Away: नाइजीरियन फिल्म इंडस्ट्री यानी नोलिवुड (Nollywood) के दिग्गज एक्टर 'ओलु जैकब्स' (Olu Jacobs) का 84 साल की उम्र में निधन हो गया है. थिएटर, टीवी और फिल्मों में दशकों तक अपनी एक्टिंग का जादू चलाने वाले ओलु जैकब्स को नोलिवुड का 'फादर फिगर' माना जाता था. उनकी पत्नी और मशहूर एक्ट्रेस जोक सिल्वा (Joke Silva) ने इस दुखद खबर को शेयर करते हुए फैंस और मीडिया से प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की है. उनके जाने से पूरी ग्लोबल फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है.
84 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा
नोलिवुड के सबसे सम्मानित एक्टर्स में शुमार ओलु जैकब्स ने 84 साल की उम्र में अंतिम सांस ली. उनकी पत्नी जोक सिल्वा ने एक इमोशनल स्टेटमेंट में उन्हें 'द लायन ऑफ लुफोडो' बताते हुए कहा कि उन्होंने एक शानदार और संघर्षपूर्ण जिंदगी जी है.
लंदन की RADA से ली थी एक्टिंग ट्रेनिंग
11 जुलाई 1942 को जन्मे ओलु जैकब्स ने लंदन की प्रतिष्ठित 'रॉयल अकादमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट' (RADA) से एक्टिंग की ट्रेनिंग ली थी. नाइजीरियन सिनेमा में तहलका मचाने से पहले वे ब्रिटिश टेलीविजन शोज और कई इंटरनेशनल फिल्मों में भी नजर आ चुके थे.
5 दशकों का करियर और बड़े अवॉर्ड्स
50 सालों से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने 'माय किंगडम', 'कोवर्ट ऑपरेशन' और 'वन फाइन डे' जैसी आइकॉनिक फिल्मों में काम किया. उन्हें अफ्रीकन मूवी एकेडमी अवॉर्ड फॉर बेस्ट एक्टर और कई लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मानों के साथ 2011 में राष्ट्रीय सम्मान MFR से भी नवाजा गया था.
डिमेंशिया की बीमारी से जूझ रहे थे जेकोब्स
हाल के वर्षों में खराब स्वास्थ्य के चलते ओलु जैकब्स लाइमलाइट से दूर थे. साल 2021 में उनकी पत्नी ने खुलासा किया था कि वे 'डिमेंशिया विद लेवी बॉडीज' नाम की गंभीर और प्रोग्रेसिव ब्रेन बीमारी से पीड़ित थे.
परिवार ने प्राइवेसी की अपील की
अतीत में कई बार उनकी मौत की झूठी अफवाहें उड़ी थीं, जिन्हें परिवार ने खारिज कर दिया था. लेकिन अब आधिकारिक पुष्टि के बाद उनकी पत्नी जोक सिल्वा ने सभी ब्लॉगर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से इस दुखद घड़ी में परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करने की रिक्वेस्ट की है.