Musician Andy Taylor Death: म्यूजिक इंडस्ट्री से हाल ही में एक बुरी खबर सामने आई है. दरअसल, ब्रिटिश पॉप बैंड ड्यूरन ड्यूरन के ओरिजिनल गिटारिस्ट एंडी टेलर का निधन हो गया है. बैंड के सबसे हिट 'रियो', 'हंग्री लाइक द वुल्फ' और 'द रिफ्लेक्स' जैसे गानों को म्यूजिक देने वाले एंडी टेलर ने 65 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली है. एंडी टेलर के निधन की जानकारी उनके परिवार और बैंड के साथियों ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है. एंडी टेलर के निधन की खबर से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ पड़ी है. बताया जा रहा है कि एंडी टेलर लंबे समय से मेटास्टैटिक प्रोस्टेट कैंसर से जूझ रहे थे.

एंडी टेलर की मौत की खबर

एंडी टेलर के निधन की खबर उनके परिवार और बैंड के साथियों ने 'ड्यूरन ड्यूरन' के सोशल मीडिया अकाउंट और ऑफिशियल वेबसाइट पर दी है. अपने बयान में उन्होंने एंडी टेलर की मौत की खबर की पुष्टि की है. बैंड ने लिखा, 'जिस पल वह नॉर्थ ईस्ट से बर्मिंघम एक गिटार और इस मजबूत इरादे के साथ आए कि हम क्या बन सकते हैं, उन्होंने हमारे म्यूजिक में एक कभी न मिटने वाली आग और दम भर दिया.'

कैंसर से हारे जिंदगी की जंग

बता दें कि एंडी टेलर ने नवंबर 2022 में बताया था कि वह स्टेज 4 मेटास्टैटिक प्रोस्टेट कैंसर से जूझ रहे हैं. उन्होंने यह खबर 'ड्यूरन ड्यूरन' के रॉक एंड रोल हॉल ऑफ फेम में शामिल होने के दौरान पढ़े गए एक लेटर में शेयर की थी. अपनी बीमारी की वजह से वह इस इवेंट में शामिल नहीं हुए थे.

80 के दशक का मशहूर बैंड

मालूम हो कि 'ड्यूरन ड्यूरन' 1980 के दशक का एक जाना-माना बैंड था, जिसमें न्यू वेव म्यूजिक के साथ इलेक्ट्रॉनिक साउंड, शानदार फैशन और म्यूजिक वीडियो शामिल थे. उनके 1982 के एल्बम 'रियो' ने US और UK में उनकी पॉपुलैरिटी बनाने में मदद की. वहीं, 'सेव अ प्रेयर', 'गर्ल्स ऑन फिल्म' और 'द वाइल्ड बॉयज' जैसे गानों ने उनकी पॉपुलैरिटी और ज्यादा बढ़ा दी थी.