कार्दशियन जेनर परिवार इस समय गहरे दुख से गुजर रहा है. परिवार की सबसे वरिष्ठ सदस्य और क्रिस जेनर की मां मैरी जो 'एमजे' कैंपबेल का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनकी मौत की खबर खुद क्रिस जेनर ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर करके दी. इस खबर के सामने आने के बाद दुनियाभर के फैंस और सेलेब्स उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

क्रिस जेनर ने शेयर की पोस्ट

क्रिस जेनर ने इंस्टाग्राम पर अपनी मां की एक पुरानी तस्वीर शेयर करते हुए लिखा कि उनकी मां सिर्फ उनके लिए ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की ताकत थीं. उन्होंने कहा कि MJ ने उन्हें सिखाया कि जिंदगी में सबसे ज्यादा मायने परिवार, प्यार और अपने लोगों का साथ रखता है. क्रिस ने लिखा, 'आज हमने अपनी प्यारी मां को अलविदा कह दिया. इस दुख को शब्दों में बयां करना मेरे लिए आसान नहीं है.'

---विज्ञापन---

पोस्ट में लिखी दिल की बात

उन्होंने आगे लिखा कि उनकी मां हमेशा परिवार को एकजुट रखने वाली शख्स थीं. उन्होंने हर मुश्किल वक्त में सभी का साथ दिया और अपने प्यार व दयालु स्वभाव से पूरे परिवार को जोड़े रखा. क्रिस ने कहा कि उन्हें अब अपनी मां की मुस्कान, हंसी और रोज होने वाली बातचीत की सबसे ज्यादा याद आएगी.

इन शोज के जरिए बनाई पहचान

मैरी जो 'एमजे' कैंपबेल को दुनिया ने सिर्फ क्रिस जेनर की मां के रूप में नहीं, बल्कि रियलिटी शो 'कीपिंग अप विद द कार्दशियन्स' और 'द कार्दशियन्स' के जरिए भी खूब जाना. शो में उनका शांत, मजाकिया और स्नेह से भरा अंदाज दर्शकों को काफी पसंद आता था. किम कार्दशियन, कोर्टनी, क्लो, केंडल और काइली जेनर के साथ उनकी खास बॉन्डिंग भी अक्सर शो और सोशल मीडिया पर देखने को मिलती थी.

---विज्ञापन---

टीवी का पॉपुलर चेहरा थीं 'एमजे'

बहुत कम लोग जानते हैं कि टीवी पर पॉपुलर होने से पहले 'एमजे' एक सफल बिजनेसवुमन थीं. उनका सैन डिएगो में बच्चों के कपड़ों का बुटीक 'शैनन एंड कंपनी' था. क्रिस जेनर ने भी अपने करियर की शुरुआत इसी स्टोर से की थी. बाद में उन्होंने कई बार कहा कि बिजनेस को लेकर उनकी सोच और मेहनत करने की आदत उन्हें अपनी मां से ही मिली.

---विज्ञापन---

परिवार के लिए सदमा

बता दें, कि 'एमजे' कैंपबेल का निधन परिवार के लिए दूसरा बड़ा झटका है. मार्च 2024 में उनकी छोटी बेटी कैरेन हॉटन का भी अचानक निधन हो गया था. हाल ही में 'द कार्दशियन्स' के एक एपिसोड में क्रिस जेनर ने अपनी मां की बढ़ती उम्र और उनकी सेहत को लेकर चिंता भी जाहिर की थी. अब MJ के निधन से कार्दशियन जेनर परिवार ने अपनी सबसे मजबूत और प्रेरणादायक सदस्य को हमेशा के लिए खो दिया है.

---विज्ञापन---