मनोरंजन जगत से एक बार फिर दिल तोड़ देने वाली खबर सामने आई है, जहां इंडस्ट्री के दिग्गज डायरेक्टर का कैंसर से निधन हो गया है, साउथ कोरियाई मनोरंजन जगत के मशहूर के-ड्रामा निर्देशक अहं पैन-सेओक का 64 साल की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने 12 अगस्त 2026 को अंतिम सांस ली. निर्देशक पिछले साल से लंग्स के कैंसर से जूझ रहे थे. हाल ही में उन्हें ब्रेन हेमरेज भी हुआ था. इलाज के बावजूद उनकी हालत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उनका निधन हो गया.

इंडस्ट्री में शोक की लहर

अहं पैन-सेओक को 'समथिंग इन द रेन', 'सीक्रेट अफेयर' और 'वन स्प्रिंग नाइट' जैसे पॉपुलर और चर्चित के-ड्रामा के लिए जाना जाता है. उनके निधन की खबर से कोरियाई टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है. उनके साथ काम कर चुके कलाकारों और दोस्तों ने सोशल मीडिया और मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी है.

---विज्ञापन---

चार दशक लंबा रहा शानदार करियर

अहं पैन-सेओक ने साल 1987 में बतौर प्रोड्यूसर टेलीविजन की दुनिया में कदम रखा था. करीब सात साल बाद, 1994 में उन्होंने निर्देशन की शुरुआत की. इसके बाद उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई. उनकी कहानियों में रिश्तों की जटिलता, भावनाओं और समाज से जुड़े मुद्दों को बेहद सहज तरीके से दिखाया जाता था.

इन सीरीज से दिलाई मजबूत पहचान

'बिहाइंड द व्हाइट टावर', 'सीक्रेट अफेयर', 'हर्ड इट थ्रू द ग्रेपवाइन', 'समथिंग इन द रेन' और 'वन स्प्रिंग नाइट' जैसी सीरीज ने उन्हें कोरियाई टेलीविजन के बेहतरीन निर्देशकों में शामिल कर दिया.

---विज्ञापन---

कलाकारों ने दी भावुक श्रद्धांजलि

अहं पैन-सेओक के निधन से उनके साथ काम कर चुके कलाकार भी बेहद दुखी हैं. अभिनेता किम म्युंग-मिन ने कहा कि इस खबर के बाद उन्हें ऐसा लग रहा है जैसे उनका दिमाग सुन्न हो गया हो.

को-स्टार दे रहे भावुक श्रद्धांजलि

अभिनेत्री किम ह्ये-यून ने भी निर्देशक को याद करते हुए भावुक संदेश लिखा. उन्होंने कहा कि अहं पैन-सेओक ने उन्हें 'सीक्रेट अफेयर' का हिस्सा बनने का मौका दिया था. उन्होंने इस बात का अफसोस जताया कि वह उनके आखिरी प्रोजेक्ट पर उनके साथ काम नहीं कर सकीं.

---विज्ञापन---

आखिरी ड्रामा अक्टूबर में होगा रिलीज

फॉर्मर अनाउंसर बाक जी-योन ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि वह एक शानदार निर्देशक होने के साथ-साथ एक अच्छे दोस्त भी थे. अहं पैन-सेओक का आखिरी प्रोजेक्ट 'लव डॉक्टर' है. यह ड्रामा अक्टूबर में रिलीज होने वाला है. इसमें चू यंग-वू और किम सो-ह्यून मुख्य भूमिका में नजर आएंगे. कहानी दो छात्रों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो निजी जिंदगी में मिले दर्द, नुकसान और प्यार से बाहर निकलने की कोशिश करते हैं.

फैंस के दिलों में रहेंगे जिंदा

बताया गया है कि निर्देशक के निधन से पहले इस ड्रामा की शूटिंग और पोस्ट-प्रोडक्शन का काम पूरा हो चुका था. ऐसे में दर्शक उनके इस आखिरी काम को पर्दे पर देख सकेंगे. अहं पैन-सेओक भले ही दुनिया को अलविदा कह गए हों, लेकिन उनके बनाए किरदार और कहानियां लंबे समय तक के-ड्रामा फैंस के दिलों में जिंदा रहेंगी.

---विज्ञापन---