मनोरंजन जगत से एक बार फिर दुखद खबर सामने आई है, जहां इंडस्ट्री के जानी-मानी शख्सियत ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है, फेमस एंटरटेनमेंट टैलेंट मैनेजर जोबर्ट सुकाल्डिटो का 65 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनके अचानक निधन की खबर से फिलीपीन एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है. दशकों तक अपनी बेबाक राय और मनोरंजन जगत की गहरी समझ के लिए पहचाने जाने वाले सुकाल्डिटो ने पत्रकारिता और रेडियो की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई थी.
इंडस्ट्री के दिग्गज का हुआ निधन
उनके निधन की जानकारी सबसे पहले फिल्म डायरेक्टर चैप्स मननसाला ने दी, जो उनके बेहद करीबी दोस्त थे. दोनों पॉपुलर पॉडकास्ट 'OOTD Jobert and Chaps' को साथ होस्ट करते थे. मननसाला ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि वे खुद सुकाल्डिटो को फिलीपीन हार्ट सेंटर लेकर गए थे, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
करीबी डायरेक्टर दोस्त ने शेयर की दुखद खबर
अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा कि उन्हें अब तक यकीन नहीं हो रहा कि उनके सबसे करीबी दोस्त इस दुनिया में नहीं रहे. उन्होंने कहा कि लगातार फोन और मैसेज आ रहे हैं, लेकिन इस मुश्किल समय में खुद को संभालना भी आसान नहीं है. उनके इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोग जोबर्ट सुकाल्डिटो को श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
इस क्षेत्रों में भी बनाया नाम
जोबर्ट सुकाल्डिटो टैलेंट मैनेजर के साथ-साथ फेमस कॉलमिस्ट भी थे, उनका नाम फिलीपीन के सबसे चर्चित एंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट्स में गिना जाता था. उन्होंने लंबे समय तक कॉलमिस्ट, रेडियो होस्ट और टैलेंट मैनेजर के रूप में काम किया. मनोरंजन जगत की खबरों पर उनकी बेबाक टिप्पणी और अंदरूनी जानकारी की वजह से उनकी धांसू पहचान थी. यही वजह रही कि कलाकारों से लेकर मीडिया जगत के लोग भी उनके काम का सम्मान करते थे.
कब होगा अंतिम संस्कार?
फिलहाल, उनके परिवार की ओर से निधन को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. हालांकि, अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी सामने आ चुकी है. जोबर्ट सुकाल्डिटो की अंतिम श्रद्धांजलि सभा क्विजोन सिटी के लोयोला मेमोरियल पार्क में आयोजित की जाएगी. आम लोग 3 अगस्त से 6 अगस्त तक उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकेंगे. वहीं, उनका अंतिम संस्कार 6 अगस्त को किया जाएगा.
हमेशा अपने फैंस के दिलों में रहेंगे जिंदा
बहरहाल, जोबर्ट सुकाल्डिटो के निधन से एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री ने एक ऐसी शख्सियत को खो दिया है, जिन्होंने सालों तक इंडस्ट्री को अपनी सेवाएं दीं, और दर्शकों और पाठकों का भरोसा जीता. उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा.