Hollywood Actor Chuck Norris Passes Away: हॉलीवुड के एक्शन सिनेमा के एक दिग्गज अभिनेता का निधन हो गया. ये अभिनेता कोई आम एक्टर नहीं है. इस अभिनेता का नाम ब्रूस ली के साथ हमेशा जुड़ा रहेगा. बता दें कि मार्शल आर्ट्स के लीजेंड और 'वॉकर, टेक्सस रेंजर' जैसी आइकोनिक सीरीज से घर-घर में पहचान बनाने वाले चक नॉरिस (Chuck Norris) का 86 साल की उम्र में निधन हो गया है. उनके परिवार ने एक बेहद भावुक संदेश के जरिए इस दुखद खबर की पुष्टि की है. जहां इस खबर से उनके परिवार के साथ ही उनके फैंस भी काफी दुखी हैं. वहीं हॉलीवुड भी अपने बड़े एक्टर के जाने से दुख में है.

आखिरी पलों में करीबियों का साथ

पारिवारिक बयान के अनुसार, चक नॉरिस को गुरुवार को हवाई (Hawaii) के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ शुक्रवार सुबह उन्होंने शांति से अंतिम सांस ली. अपने आखिरी समय में वे अकेले नहीं थे, बल्कि उनका पूरा परिवार उनके साथ मौजूद था. परिवार ने उन्हें एक समर्पित पति, पिता और दादा के रूप में याद किया है.

---विज्ञापन---

मार्शल आर्ट्स के 'असली' चैंपियन

चक नॉरिस सिर्फ परदे के हीरो नहीं थे, बल्कि असल जिंदगी में भी मार्शल आर्ट्स के दिग्गज थे. उन्होंने अपनी फिटनेस और अनुशासन से न केवल हॉलीवुड को प्रभावित किया, बल्कि दुनिया भर के लाखों युवाओं को आत्मरक्षा और खेल के प्रति प्रेरित किया. उनका व्यक्तित्व सादगी और मजबूती का एक दुर्लभ मिश्रण था.

---विज्ञापन---

ब्रूस ली के साथ वो ऐतिहासिक मुकाबला

सिनेमा के इतिहास में जब भी सबसे महान फाइट सीन्स की बात होगी, 1972 की फिल्म 'वे ऑफ द ड्रैगन' (Way of the Dragon) का जिक्र जरूर आएगा. इस फिल्म में चक नॉरिस और ब्रूस ली के बीच हुआ मुकाबला आज भी 'गोल्ड स्टैंडर्ड' माना जाता है. इस एक सीन ने चक नॉरिस को रातों-रात ग्लोबल सुपरस्टार बना दिया था.

'वॉकर, टेक्सस रेंजर' से मिली घर-घर पहचान

फिल्मों के अलावा, टीवी की दुनिया में भी चक नॉरिस का सिक्का चलता था. 'वॉकर, टेक्सस रेंजर' में उनके दमदार किरदार ने उन्हें एक ऐसी लोकप्रियता दी जो दशकों तक कायम रही. उनके नाम पर बने 'इंटरनेट मीम्स' और चुटकुले (Chuck Norris Facts) उनकी अजेय छवि का प्रमाण हैं, जो उनकी लोकप्रियता को दर्शाते हैं.

हॉलीवुड में शोक की लहर

चक नॉरिस के जाने की खबर मिलते ही हॉलीवुड के बड़े सितारों और उनके करोड़ों प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है. कई हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दुनिया ने एक ऐसा योद्धा खो दिया है जिसने अनुशासन और विश्वास के साथ अपनी जिंदगी जी.