Francis Duru Passes Away: फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है. नाइजीरियाई फिल्म इंडस्ट्री (Nollywood) से मशहूर वेटरन एक्टर फ्रांसिस दुरू (Francis Duru), जिन्होंने अपनी धांसू एक्टिंग से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई थी, अब इस दुनिया में नहीं रहे. महज 57 साल की उम्र में एक छोटी सी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया है, जिससे पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री और उनके फैंस गहरे सदमे में हैं. उनके चाहने वाले उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं.

परिवार ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया दुखद बयान

फ्रांसिस दुरू के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर परिवार की ओर से जारी एक बयान में उनके निधन की जानकारी दी गई. परिवार ने बताया कि कुछ समय की बीमारी के बाद एक्टर ने अंतिम सांस ली और फैंस से उनके परिवार के लिए प्रार्थना करने की अपील की.

कल्ट क्लासिक फिल्म 'रैटलस्नेक' से मिली थी पहचान

साल 1989 में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाले फ्रांसिस ने 1995 की सुपरहिट फिल्म 'रैटलस्नेक' में 'अहाना' का किरदार निभाकर नॉलिवुड में तहलका मचा दिया था, जिसने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया था. उनके किरदार को फैंस आज भी खूब पसंद करते हैं.

कुछ महीने पहले खारिज की थीं हेल्थ से जुड़ी अफवाहें

इसी साल जून के महीने में उनकी सेहत को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ फर्जी वीडियोज वायरल हुए थे, जिन्हें खुद एक्टर ने खारिज करते हुए उन खबरों को पूरी तरह से गलत बताया था. वहीं फैंस से भी अपील की थी कि वो इस तरह की वीडियोज को हकीकत न मानें.

शानदार करियर और उपलब्धियां

यूनिवर्सिटी ऑफ पोर्ट हारकोर्ट से थिएटर आर्ट्स में ग्रेजुएशन करने वाले फ्रांसिस ने अपने दशकों लंबे करियर में 'ब्लड मनी', 'स्टिग्मा' और 'म्बोपुटा' जैसी बेहतरीन फिल्मों में काम किया. साल 2020 में उन्हें 'म्बोपुटा' के लिए बेस्ट एक्टर का अवार्ड भी मिला था.

फैंस और सेलेब्स दे रहे हैं श्रद्धांजलि

फ्रांसिस दुरू अपने पीछे पत्नी अडोकीये (Adokiye) और बच्चों को छोड़ गए हैं. उनके निधन के बाद से सोशल मीडिया पर तमाम सेलेब्स और फैंस उन्हें नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं.