Jorrybell Agoto Death: सिनेमा जगत से एक बेहद दुखद और दिल तोड़ देने वाली खबर सामने आई है. फिल्म 'फिलिपिनियाना' (Filipinana) की लीड एक्ट्रेस जोरीबेल अगोटो (Jorrybell Agoto) का महज 31 साल की उम्र में निधन हो गया है. लिम्फोमा (lymphoma) जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही जोरीबेल ने मंगलवार शाम को इस दुनिया को अलविदा कह दिया. कम डायलॉग्स और दमदार एक्सप्रेशंस से दुनियाभर के सिनेमाप्रेमियों का दिल जीतने वाली इस प्रतिभाशाली अदाकारा के जाने से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है.

लिम्फोमा से लड़ते हुए 31 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

जोरीबेल अगोटो के भाई जेड ने इस दुखद खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि उनका निधन मंगलवार 17 नवंबर को शाम 5:20 बजे हुआ. जोरीबेल लिम्फोमा नामक गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं और अस्पताल के क्रिटिकल केयर में भर्ती थीं. उनके बढ़ते इलाज के खर्च को संभालने के लिए परिवार ने लोगों से आर्थिक मदद की अपील भी की थी.

निर्देशक राफेल मैनुअल ने जताया गहरा शोक

फिल्म के निर्देशक लेखक और निर्माता राफेल मैनुअल ने इस क्षति पर दुख जताते हुए कहा कि इस त्रासदी को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा कि दुनिया ने अपने सबसे चमकते सितारों में से एक को खो दिया है और उन्होंने एक बेहतरीन दोस्त खोया है. उन्होंने जोरीबेल के परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं भी व्यक्त कीं.

निर्माताओं ने बताया बेहद प्यारा और जिंदादिल इंसान

फिल्म के निर्माताओं बियांका बालबुएना और ब्रैडली ल्यू ने भी जोरीबेल के निधन पर गहरा दुख जाहिर किया. उन्होंने कहा कि वह सिर्फ 'फिलिपिनियाना' का चेहरा नहीं थीं बल्कि उनकी दोस्त और बहन भी थीं. निर्माताओं ने उन्हें बेहद मजाकिया दयालु और प्यार करने वाली इंसान बताते हुए कहा कि अब वह बिना किसी दर्द के आराम से रह सकेंगी.

ऑस्कर विजेता निर्देशक सीन बेकर भी थे उनकी एक्टिंग के कायल

जोरीबेल अगोटो ने राफेल मैनुअल की पहली फीचर फिल्म में इसाबेल नाम की 17 वर्षीय गोल्फ कोर्स वर्कर का किरदार निभाया था. लॉस एंजिल्स में फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान ऑस्कर विजेता निर्देशक सीन बेकर ने उनकी जमकर तारीफ की थी और कहा था कि कम संवादों के बावजूद उनके अभिनय में गजब की गहराई और ताकत थी.

सात साल का सफर और बर्लिनाले टैलेंट्स का सम्मान

राफेल मैनुअल ने बताया कि उन्होंने जोरीबेल के साथ एक शॉर्ट फिल्म के दौर से काम किया था और सात सालों तक उनके साथ काम करने और किरदार को निखरते देखने का अनुभव बेहद खास रहा. जोरीबेल को साल 2025 में प्रतिष्ठित बर्लिनाले टैलेंट्स डेवलपमेंट प्रोग्राम के लिए भी चुना गया था.