Richard O'Sullivan Death: हॉलीवुड की टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. इंडस्ट्री के फेमस कॉमेडी एक्टर रिचर्ड ओ'सुलिवन का निधन हो गया है. 'मैन अबाउट द हाउस' और 'रॉबिन्स नेस्ट' जैसे हिट सिटकॉम टीवी शो में काम कर चुके एक्टर रिचर्ड ओ'सुलिवन ने 82 साल की उम्र में अपनी आखिरी सांस ली. रिचर्ड के निधन की जानकारी उनके बेटे जेम्स ओ'सुलिवन ने दी है. उन्होंने बताया कि उनके एक्टर पिता अपने आखिरी वक्त में पूरे परिवार और दोस्तों के बीच थे. उनके निधन की खबर से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है. फिल्म और टीवी जगत की कई हस्तियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी है.

रिचर्ड ओ'सुलिवन का निधन

बीबीसी के अनुसार, रिचर्ड ओ'सुलिवन का निधन वेस्ट लंदन स्थित रॉयल वैरायटी चैरिटी के केयर होम ब्रिन्सवर्थ हाउस में हुआ, जहां वह पिछले 23 साल से रह रहे थे। उनके आखिरी वक्त में उनके करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य उनके साथ थे. रॉयल वैरायटी चैरिटी के गाइल्स कूपर ने एक्टर को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, 'रिचर्ड ओ'सुलिवन सहज आकर्षण और शानदार सेंस ऑफ ह्यूमर के उस्ताद थे, जिन्होंने ब्रिटिश टीवी के जरिए लाखों घरों तक हंसी पहुंचाई.' कूपर ने आगे कहा कि 'रॉयल वैरायटी चैरिटी में हम सभी को रिचर्ड ओ'सुलिवन की बहुत याद आएगी.'

---विज्ञापन---

पिता के निधन पर भावुक हुआ बेटा

वहीं, रिचर्ड ओ'सुलिवन के बेटे जेम्स ओ'सुलिवन ने अपने पिता को श्रद्धांजलि देते हुए कहा, 'मेरे पापा रियल लाइफ में भी उतने ही मजाकिया और चार्मिंग थे, जितने वह सालों तक हमारी टीवी स्क्रीन पर दिखाई देते रहे थे. हालांकि, उनके करियर का अधिकांश हिस्सा मेरे जन्म से पहले का था. लेकिन मैं भाग्यशाली था कि मुझे उनके उन अनगिनत शो के री-रन देखने और उनके टैलेंट का आनंद लेने का मौका मिला, जिन्होंने उन्हें एक सम्मानित और प्यारा एक्टर बनाया था.'

रिचर्ड ओ'सुलिवन का करियर

रिचर्ड ओ'सुलिवन का जन्म साल 1944 में लंदन में हुआ था. उन्होंने 1950 और 60 के दशक में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपने करियर की शुरुआत की थी. उन्होंने चिल्ड्रन्स फिल्म फाउंडेशन के पहले सीरियल 'रेडर्स ऑफ द रिवर' में काम किया था. इसके बाद 1956 में स्ट्रैटफोर्ड के रॉयल शेक्सपियर थिएटर में सर पीटर हॉल के 'लव्स लेबर्स लॉस्ट' में दिखाई दिए. इसके बाद उन्होंने कॉमेडी की ओर रुख किया और 1968 में 'द रॉनी बार्कर प्लेहाउस' और उसके अगले साल 'द गैल्टन एंड सिम्पसन कॉमेडी' जैसे हिट शो में नजर आए.

---विज्ञापन---