एंटरटेनमेंट जगत से दिल तोड़ देने वाली खबर सामने आई है, जहां हॉलीवुड की पॉपुलर एक्ट्रेस एल्के सोमर का 85 साल की उम्र में निधन हो गया है, इस दुखद खबर से मनोरंजन इंडस्ट्री में शोक की लहर है. परिवार और चाहने वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. बता दें, जर्मनी में जन्मी एल्के ने दमदार एक्टिंग के दमपर अपनी खास पहचान बनाई थी. वह 'अ शॉट इन द डार्क' और 'द प्राइज' जैसी फिल्मों में नजर आई थीं.

कैसे हुई एक्ट्रेस की मौत?

एल्के सोमर के सौतेले बेटे सेबेस्टियन वाल्थर ने जर्मन मीडिया आउटलेट 'बिल्ड' को उनके निधन की जानकारी दी. रिपोर्ट के मुताबिक, अभिनेत्री ने बुधवार को लॉस एंजिल्स के बेल एयर स्थित अपने घर पर आखिरी सांस ली. लॉस एंजिल्स पुलिस विभाग ने भी एक 85 वर्षीय महिला की मौत की सूचना मिलने की पुष्टि की है.

दुनियाभर में इन फिल्मों से मिली पहचान

एल्के सोमर ने अपने करियर में हॉलीवुड के कई बड़े सितारों के साथ काम किया. फिल्म 'द प्राइज' में वह पॉल न्यूमैन के साथ नजर आई थीं. वहीं, 'अ शॉट इन द डार्क' में उन्होंने पीटर सेलर्स के साथ काम किया. इसके अलावा वह 'द आर्ट ऑफ लव', 'बॉय, डिड आई गेट अ रॉन्ग नंबर!' और 'द रेकिंग क्रू' जैसी फिल्मों का भी हिस्सा रहीं.

हॉलीवुड की पॉपुलर एक्ट्रेस थीं एल्के

फिल्म 'द प्राइज' में उनके अभिनय को काफी सराहना मिली थी. इस फिल्म के लिए उन्हें गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में मोस्ट प्रॉमिसिंग न्यूकमर का सम्मान मिला. अपनी बड़ी आंखों और सुनहरे बालों के लिए मशहूर एल्के 60 के दशक में हॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्रियों में गिनी जाती थीं.

एक्ट्रेस बनने के लिए छोड़ दिया दूसरा सपना

एल्के सोमर का जन्म 5 नवंबर 1940 को बर्लिन में हुआ था. उनका असली नाम एल्के श्लेट्ज था. वह भाषाओं की पढ़ाई करना चाहती थीं, लेकिन किस्मत उन्हें फिल्मी दुनिया में ले आई. साल 1958 में इटली की यात्रा के दौरान उन्हें पहली फिल्म में काम करने का मौका मिला. इसके बाद उन्होंने 'सोमर' उपनाम अपनाया और इटली, स्पेन व इंग्लैंड में भी फिल्मों में काम किया. धीरे-धीरे उनकी पॉपुलैरिटी हॉलीवुड तक पहुंच गई.

'सेक्स सिंबल' कहलाने पर कही थी ये बात

एल्के को उनके दौर में सेक्स सिंबल भी कहा जाता था, लेकिन वह इस पहचान को ज्यादा महत्व नहीं देती थीं. साल 2014 में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा था कि वह हमेशा अपने किरदार को निभाने पर ध्यान देती थीं. उनके मुताबिक, उनकी असली ताकत उनकी ऊर्जा थी, न कि सिर्फ उनका लुक.

इसी साल पति का भी हुआ था निधन

निजी जिंदगी की बात करें तो एल्के ने 1964 में जो हायम्स से शादी की थी. 1981 में दोनों का तलाक हो गया. इसके बाद 1993 में उन्होंने जर्मन होटल व्यवसायी वोल्फ वाल्थर से शादी की, जिनका इसी साल जुलाई में निधन हो गया था.