'The Odyssey' premiere: हॉलीवुड सिनेमा के महान फिल्ममेकर क्रिस्टोफर नोलन (Christopher Nolan) इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'द ओडिसी' (The Odyssey) को लेकर दुनियाभर में सुर्खियां बटोर रहे हैं. ये फिल्म भारत में भी बहुत बड़े पैमाने पर रिलीज की जा रही है. मुंबई में इसका प्रीमियर भी आयोजन किया जा रहा है. इस इवेंट में क्रिस्टोफर नोलन के साथ मैट डेमन और टॉम हॉलैंड भी शामिल होंगे.
मुंबई आएंगे क्रिस्टोफर नोलन
यूनिवर्सल पिक्चर्स इंटरनेशनल ने ये जानकारी दी है कि नोलन जुलाई में अपनी फिल्म 'द ओडिसी' के मुंबई प्रीमियर में शामिल होंगे. यह किसी फिल्म के लॉन्च के लिए भारत में इस फिल्ममेकर का पहला दौरा होगा. ये एक भव्य और शानदार इवेंट होने वाला है. इसमें नोलन के हॉलीवुड स्टार मैट डेमन और टॉम हॉलैंड के अलावा ऑस्कर विजेता प्रोड्यूसर एम्मा थॉमस भी मौजूद रहेंगे.
मुंबई में कहां होगा प्रीमियर?
रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म का प्रीमियर 17 जुलाई को इसकी वर्ल्डवाइड थिएट्रिकल रिलीज से पहले, मुंबई के फीनिक्स पैलेडियम स्थित PVR आइकॉन IMAX में होगा. मुंबई के साथ ही लंदन, पेरिस और न्यूयॉर्क जैसे बड़े इंटरनेशनल शहरों में भी फिल्म के खास प्रीमियर शोज आयोजित किए जाने हैं.
सिनेमाघरों में फिर मचेगी क्रिस्टोफर नोलन की धूम
बात करें फिल्म की तो, क्रिस्टोफर नोलन द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म 'द ओडिसी' की कहानी होमर की मशहूर महाकाव्य कविता पर आधारित है. ये फिल्म ट्रॉय के पतन के बाद ओडिसियस की घर वापसी की कहानी कहती है. इससे पहले नोलन ने अपनी फिल्म 'ओपेनहाइमर' से दुनियाभर में तहलका मचाया था. ऐसे में फैंस उनकी इस नई फिल्म को एक जबरदस्त वापसी के रूप में देख रहे हैं. बता दें 'ओपेनहाइमर' ने 'बेस्ट पिक्चर' और 'बेस्ट डायरेक्टर' समेत सात एकेडमी अवॉर्ड जीते थे.
'द ओडिसी' में मैट डेमन, टॉम हॉलैंड, ऐनी हैथवे, रॉबर्ट पैटिनसन, लुपिता न्योंगो, सामंथा मॉर्टन, ज़ेंडया और चार्लीज थेरॉन जैसे स्टार्स शामिल हैं.