निकेलोडियन के 90 के दशक के पॉपुलर स्केच कॉमेडी शो 'ऑल दैट' की एक्स कलाकार क्रिस्टी नोविंग्स का निधन हो गया है. एक्ट्रेस और कॉमेडियन ने 46 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार 11 अगस्त को लॉस एंजिल्स के एक अस्पताल में उन्हें लाइफ सपोर्ट से हटाया गया, जिसके बाद उनकी मौत हो गई.
किसने दी दुखद खबर?
क्रिस्टी के निधन की खबर उनकी आंटी टाइलिया जोसेफ ने बुधवार को फेसबुक पोस्ट के जरिए शेयर की. हालांकि, परिवार ने उनकी मौत की आधिकारिक वजह नहीं बताई है. वहीं, TMZ की रिपोर्ट के अनुसार, 7 अगस्त को क्रिस्टी को अस्थमा का गंभीर अटैक आया था. इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और लाइफ सपोर्ट पर रखा गया. बताया गया कि इस मेडिकल इमरजेंसी के कारण उनके दिमाग को भी नुकसान पहुंचा था. कुछ दिनों तक इलाज के बाद परिवार ने उन्हें लाइफ सपोर्ट से हटाने का फैसला किया.
'ऑल दैट' से मिली बड़ी पहचान
क्रिस्टी नोविंग्स ने साल 1997 में निकेलोडियन के स्केच कॉमेडी पायलट 'एंड नाउ दिस' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. हालांकि, यह शो आगे नहीं बन पाया. इसके बाद उसी साल उन्हें निकेलोडियन के बेहद पॉपुलर शो 'ऑल दैट' में काम करने का मौका मिला.
क्रिस्टी शो के तीन सीजन का रहीं थीं हिस्सा
क्रिस्टी इस शो के तीन सीजन का हिस्सा रहीं. शो में उन्होंने कई मजेदार किरदार निभाकर दर्शकों का मनोरंजन किया. वह अमांडा बाइन्स के डेंटिस्ट की असिस्टेंट, Whateverrr!!! स्केच में जेसिका और न्यूजकास्टर ब्रेंडा स्टोन जैसे किरदारों में नजर आई थीं.
इस शो ने कई कलाकारों को दी पहचान
उस दौर में 'ऑल दैट' में केनन थॉम्पसन, केल मिशेल, डैनी टैम्बरेली, निक कैनन और अमांडा बाइन्स जैसे कलाकार भी शामिल थे. इस शो ने कई कलाकारों को आगे बढ़ने का बड़ा मौका दिया था.
'सेसमे स्ट्रीट' में भी आईं थी नजर
'ऑल दैट' के बाद भी क्रिस्टी ने एक्टिंग जारी रखी. साल 2008 से 2011 के बीच वह मशहूर शो 'सेसमे स्ट्रीट' के कई एपिसोड में अपने जुड़वां भाई क्रिस नोविंग्स के साथ दिखाई दीं. उनके भाई क्रिस उनसे ज्यादा एपिसोड में नजर आए थे और वह स्पाइक ली की फिल्म 'क्रुकलिन' में भी काम कर चुके हैं.
आंटी ने लिखा भावुक पोस्ट
बता दें, 25 फरवरी 1980 को ब्रॉन्क्स में जन्मीं क्रिस्टी नोविंग्स इस साल 'ऑल दैट' से जुड़े कलाकारों में दूसरी ऐसी शख्सियत हैं, जिनका निधन हुआ है. इससे पहले जनवरी में कियाना अंडरवुड की हिट-एंड-रन हादसे में मौत हुई थी. क्रिस्टी की आंटी ने भावुक पोस्ट में उन्हें बेहतरीन एक्ट्रेस, कॉमेडियन, जुड़वां बहन और शानदार बेटी बताया. उन्होंने लिखा, 'रेस्ट इन पावर क्रिसी.'