दुबई से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. ब्राजील की मशहूर मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कौआना बिल्हार की 27वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई. इस खबर ने उनके फैंस और करीबियों को गहरे सदमे में डाल दिया है. सबसे हैरानी की बात यह है कि कुछ ही दिन पहले उन्होंने अपनी सगाई की खुशखबरी सोशल मीडिया पर शेयर की थी और अब अचानक उनकी मौत की खबर ने सभी को हैरान कर दिया है.
कैसे हुई मौत?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 27 साल की कौआना बिल्हार अपनी गर्लफ्रेंड बारबरा अब्रान्टेस के साथ दुबई में थीं. बताया जा रहा है कि घटना के समय बारबरा भी वहां मौजूद थीं और उन्होंने ही सबसे पहले कौआना के परिवार को इस दुखद हादसे की जानकारी दी.
हादसा या आत्महत्या?
फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि यह एक हादसा था, आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और वजह है. दुबई पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों ने अभी तक मौत की सही तारीख या जांच से जुड़ी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है.
मां ने शेयर किया भावुक पोस्ट
वहीं बेटी की मौत के बाद कौआना की मां डार्ला बिल्हार ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपनी पीड़ा जाहिर की. उन्होंने लिखा, मेरे पास ऐसे शब्द नहीं हैं जिनसे मैं बता सकूं कि तुम्हारे जाने के बाद मेरी जिंदगी में कितना बड़ा खालीपन आ गया है. तुम हमेशा मेरे दिल में जिंदा रहोगी. मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं और उस दिन का इंतजार करूंगी, जब हम फिर मिलेंगे.'
क्या कहती है रिपोर्ट?
रिपोर्ट्स के अनुसार, डार्ला बिल्हार दुबई पहुंच चुकी हैं. वह जांच में अधिकारियों का सहयोग करने के साथ-साथ अपनी बेटी के पार्थिव शरीर को ब्राजील वापस ले जाने की प्रक्रिया पूरी कर रही हैं. कौआना और बारबरा अब्रान्टेस लंबे समय से रिश्ते में थीं. हाल ही में दोनों ने सोशल मीडिया पर अपनी सगाई की घोषणा की थी, जिसके बाद उनके फैंस ने उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दी थीं. लेकिन खुशियों का यह दौर ज्यादा लंबा नहीं चल सका.
सोशल मीडिया पर सच या अफवाह?
इस बीच सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें भी फैलने लगी हैं. इन अफवाहों पर रिएक्शन देते हुए कौआना की मां ने लोगों से संवेदनशीलता बरतने की अपील की. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी अब इस दुनिया में नहीं है, इसलिए उसके सम्मान का ख्याल रखा जाना चाहिए और बिना पुष्टि के किसी भी तरह की अटकलें नहीं लगानी चाहिए.
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल, कौआना बिल्हार की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए जांच जारी है. पुलिस की रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि आखिर इस दर्दनाक घटना के पीछे की असली वजह क्या थी?