हरियाणवी डांसर Dimple Chaudhary इन दिनों सुर्खियों में हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद डिंपल को लगातार ट्रोलिंग और आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। अब डांसर ने खुद सामने आकर अपनी मानसिक स्थिति को लेकर खुलकर बात की है और बताया है कि वह बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। डिंपल चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि लगातार हो रही ट्रोलिंग, बदनामी और मानसिक दबाव की वजह से उनकी मानसिक स्थिति पर बुरा असर पड़ा है। उन्होंने भावुक अंदाज में बताया कि वह इस समय काफी परेशान हैं और उन्हें आत्महत्या जैसे ख्याल भी आ रहे हैं।

दरअसल, कुछ दिनों पहले डिंपल चौधरी का एक वीडियो और कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। दावा किया गया था कि कुछ लोगों ने उनके साथ फोटो खिंचवाने की इच्छा जताई थी, लेकिन डांसर ने मना कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। वायरल वीडियो में डिंपल कथित तौर पर गुस्से में दिखाई दीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें जमकर ट्रोल किया जाने लगा। अब इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए डिंपल ने कहा कि उन्हें घमंडी बताया जा रहा है, जबकि वह हमेशा अपने फैंस के साथ तस्वीरें खिंचवाती हैं। उन्होंने कहा, "मेरे इंस्टाग्राम अकाउंट पर जाकर देखिए, मैं लोगों के साथ कितनी तस्वीरें क्लिक कराती हूं। मैं गाड़ी से उतरकर भी फोटोज देती हूं। फिर भी मुझे बदनाम किया जा रहा है।"

---विज्ञापन---

भावुक होते हुए डिंपल ने आगे कहा, "मुझे ऐसा मत करो। मैं ठीक नहीं हूं। मेरे दिमाग की स्थिति ठीक नहीं है। कृपया मुझे परेशान मत करो। ऐसे हालात मत बनाओ कि मैं खुद को नुकसान पहुंचाने के बारे में सोचने लगूं।"डिंपल चौधरी के इस बयान ने उनके फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स को भी चिंता में डाल दिया है। कई लोग उनके समर्थन में सामने आए हैं और उन्हें हिम्मत बनाए रखने की सलाह दे रहे हैं। वहीं, उनकी मानसिक स्थिति को लेकर भी चिंता जताई जा रही है। फिलहाल, डिंपल चौधरी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।