Ankit Balyan Murder Case Update: हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान के हत्याकांड में एक नया अपडेट सामने आया है. उत्तर प्रदेश के शामली जिले में बुधवार शाम को एक ऐसी वारदात हुई, जिसने पूरे देश को हिलाकर रख दिया. दरअसल, बुधवार शाम को शामली में एक जिम के बाहर चार हथियारबंद हमलावरों ने हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी. इस हत्याकांड ने लोगों के दिलों में एक बार फिर डर पैदा कर दिया है. अब इस मामले में ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) की एंट्री हुई है. एसोसिएशन ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर इस हत्या की जांच और सिंगर के लिए इंसाफ की मांग की है.

अंकित बालियान के हत्याकांड में AICWA की एंट्री

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने शुक्रवार को अंकित बालियान के हत्याकांड को लेकर अपने यूट्यूब अकाउंट पर एक आधिकारिक बयान जारी किया. इसके साथ ही एसोसिएशन ने सीएम योगी आदित्यनाथ से सिंगर की हत्या के मामले में न्याय की मांग की है. एसोसिएशन ने बयान में लिखा, 'AICWA अंकित बलियान के लिए न्याय की मांग करती है. हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बलियान (32 साल) की उत्तर प्रदेश के शामली के एक जिम के बाहर दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि 4 हथियारबंद हमलावरों ने सिंगर पर करीब 18 राउंड फायरिंग की, जिससे उनकी मौत हो गई.'

---विज्ञापन---

सीएम योगी से मांगा इंसाफ

AICWA ने बयान में आगे लिखा, 'इस घटना ने एक बार फिर माफिया और गुंडों की बढ़ती बेखौफी को लेकर चिंता बढ़ा दी है. इस वारदात के बाद अंकित के परिवार, सपोर्टर्स और ग्रामीणों ने न्याय की मांग करते हुए उनके शव के साथ विरोध प्रदर्शन किया.' एसोसिएशन ने आगे बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर इस मामले की हाई-लेवल जांच, हत्या के पीछे सभी लोगों की पहचान, इसमें शामिल आपराधिक और माफिया तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अंकित बलियान के परिवार के लिए न्याय की मांग की है. इस बयान पर AICWA के अध्यक्ष इंजीनियर सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने हस्ताक्षर किए हैं. उन्होंने लिखा, 'AICWA न्याय के लिए खड़ा है. हत्यारों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए.'

कैसे हुई अंकित बलियान की हत्या?

अंकित बलियान की हत्या बुधवार को शाम करीब 7 बजे आर्यपुरी नाले के तटबंध के पास हुई. पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने सिंगर अंकित बलियान पर कम से कम 18 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से पांच गोलियां उन्हें लगीं. मेरठ के एडीजी भानु भास्कर ने एएनआई को बताया, 'पीड़ित अंकित बलियान एक सिंगर थे… वह यूट्यूब पर कई वीडियो के साथ एक जाने-माने गायक थे. वह एक फिटनेस जिम में वर्कआउट कर रहे थे; जैसे ही वह शाम करीब 6:55 बजे बाहर निकले, दो बाइकों पर सवार होकर आए 4 अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं. उन्हें गोलियां लगीं. हालांकि, पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे और उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके.'

---विज्ञापन---