कॉमेडियन यश माहेश्वरी इन दिनों अपनी कॉमेडी नहीं, बल्कि एक विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में हैं. बिहार की महिलाओं और छठ पूजा पर की गई टिप्पणी के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया. विवाद बढ़ने पर यश ने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी. अब खबर है कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भी फिलहाल दिखाई नहीं दे रहा है.
माफी के बाद भी बढ़ीं मुश्किलें?
यश माहेश्वरी का इंस्टाग्राम हैंडल @almostyash फिलहाल उपलब्ध नहीं है. अकाउंट खोलने पर 'सॉरी, ये पेज अवेलेबल नहीं है' का मैसेज दिखाई दे रहा है. हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि यश ने खुद अपना अकाउंट डीएक्टिवेट किया है या फिर इंस्टाग्राम की तरफ से इसे हटाया गया है.
आखिर किस बयान से बढ़ा विवाद?
पूरा मामला यश के स्टैंडअप शो 'मॉरली क्वेश्चनेबल स्टैंडअप कॉमेडी' के एक वीडियो से शुरू हुआ. इस वीडियो में उन्होंने बिहार की महिलाओं, छठ पूजा के दौरान सिंदूर लगाने की पारंपरिक शैली और उनकी घरेलू जिंदगी को लेकर टिप्पणियां की थीं.
यूजर्स ने उठाए उनकी कॉमेडी पर सवाल
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों ने उनकी कॉमेडी पर सवाल उठाने शुरू कर दिए. कई यूजर्स ने इसे बिहार की महिलाओं और छठ पूजा की धार्मिक सांस्कृतिक परंपराओं का अपमान बताया. देखते ही देखते यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया.
कॉमेडियन के खिलाफ कार्रवाई की मांग
बीजेपी नेता और सामाजिक कार्यकर्ता ऋतु जायसवाल ने भी यश की टिप्पणियों पर नाराजगी जाहिर की. उन्होंने बिहार के हर जिले में कॉमेडियन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की. साथ ही छठ पूजा और इस पर्व को मनाने वाली महिलाओं पर की गई टिप्पणियों को लेकर सख्त कानूनी कार्रवाई की अपील की.
विवाद बढ़ता देख यश ने मांगी माफी
विवाद बढ़ने के बाद यश ने अपने यूट्यूब चैनल पर माफी का वीडियो शेयर किया. उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उन्हें बिहार की सांस्कृतिक चीजों पर इस तरह बात नहीं करनी चाहिए थी. उन्होंने यह भी कहा कि उनका ऐसा इरादा नहीं था और आगे से वह अपने कंटेंट को लेकर सावधानी बरतेंगे.
कौन हैं यश माहेश्वरी?
यश माहेश्वरी जयपुर में जन्मे स्टैंडअप कॉमेडियन और कंटेंट क्रिएटर हैं. फिलहाल वह दिल्ली में रहते हैं. साल 2022 में दिल्ली आने के बाद वह यहां के कॉमेडी सर्किट का हिस्सा बने. यश ने अतुल खत्री के शो में ओपनिंग की है और बिस्वा कल्याण रथ के साथ भी मंच शेयर किया है.