Who Is Social Media Influencer Nancy Grewal: कनाडा से आई एक सनसनीखेज खबर ने सोशल मीडिया और लोगों को झकझोर कर रख दिया है. कनाडा में रहने वाली पंजाबी मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक, गुस्सा और कई सवाल उठने लगे हैं.

घर में घुसकर किया गया जानलेवा हमला

पुलिस के मुताबिक, ये घटना मंगलवार रात करीब साढ़े 9 बजे की है. कनाडा के विंडसर इलाके में स्थित नैन्सी ग्रेवाल के घर में एक अज्ञात व्यक्ति घुस आया. आरोपी ने उन पर चाकू से हमला किया, और गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और इमरजेंसी टीम तुरंत मौके पर पहुंची.

---विज्ञापन---

अस्पताल में तोड़ा दम

हमले के बाद नैन्सी ग्रेवाल को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. 45 साल की नैन्सी की अचानक हुई, इस मौत ने उनके फॉलोअर्स और चाहने वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है.

---विज्ञापन---

CCTV खंगाल रही पुलिस जांच में जुटी

इस मामले की जांच लासाल पुलिस कर रही है. बुधवार शाम पुलिस अधिकारी माइकल पियर्स ने बताया, कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. हमलावर की तलाश जारी है, और आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपी तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके.

सोशल मीडिया पर बेबाक आवाज थीं नैन्सी

नैन्सी ग्रेवाल सोशल मीडिया पर अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती थीं. वो अपने यूट्यूब चैनल और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर पंजाब से जुड़े सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर राय रखती थीं. खास तौर पर वो अपने वीडियो में खालिस्तानी गतिविधियों और कट्टरपंथी विचारधाराओं की आलोचना करती थीं, जिस वजह से उनके वीडियो अकसर चर्चा में रहते थे.

समुदाय में डर और गुस्सा

इस हत्या के बाद कनाडा में रह रहे भारतीय और पंजाबी समुदाय में डर और आक्रोश का माहौल है. सोशल मीडिया पर लोग न्याय की मांग कर रहे हैं, और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी चाहते हैं. हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी खास वजह या एंगल की पुष्टि नहीं की है.

एंटरटेनमेंट जगत में पसरा मातम

भले ही नैन्सी ग्रेवाल फिल्म या टीवी इंडस्ट्री से नहीं जुड़ी थीं, लेकिन डिजिटल और सोशल मीडिया की दुनिया में उनकी मजबूत पहचान थी. उनकी हत्या ने एक बार फिर ये सवाल खड़ा कर दिया है, कि क्या सोशल मीडिया पर अपनी राय रखना अब खतरनाक होता जा रहा है? फिलहाल सभी की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हैं.