Who is Krishi Thapanda: कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस और मॉडल कृषि थापांडा इन दिनों एक चौंकाने वाली घटना के कारण सुर्खियों में हैं. बेंगलुरु के आरआर नगर स्थित उनके अपार्टमेंट से 33 साल के युवक वैशाख का शव मिलने के बाद पूरे मामले ने सनसनी मचा दी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और उनका कहा है कि शुरुआती में मामला आत्महत्या का हो सकता है.
कैसे गई युवक की जान?
रिपोर्ट्स के अनुसार, वैशाख बुधवार रात कृषि थापांडा के अपार्टमेंट में पहुंचा था. गुरुवार को उसका शव फ्लैट के अंदर मिला. पुलिस को आशंका है कि उसने पंखे से लटककर अपनी जान दी है. हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी.
पुलिस का क्या कहना है?
पुलिस ने बताया कि घटना के समय कृषि थापांडा घर पर मौजूद नहीं थीं. सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए विक्टोरिया अस्पताल भेज दिया गया. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है.
कौन था वैशाख?
मृतक वैशाख को कृषि थापांडा का करीबी दोस्त बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक वह अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवादों से जूझ रहा था. इसी वजह से वह अक्सर एक्ट्रेस के घर आता-जाता था. जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि वैशाख का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. उसे पहले एक कारोबारी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका था. उस केस में बेंगलुरु के HAL पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ था.
कौन हैं कृषि थापांडा?
कृषि थापांडा कन्नड़ फिल्म और टीवी इंडस्ट्री का जाना-माना चेहरा हैं. उन्होंने साल 2016 में फिल्म 'अकीरा' से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी. इस फिल्म के लिए उन्हें SIIMA अवॉर्ड्स में बेस्ट डेब्यू एक्ट्रेस कैटेगरी में नॉमिनेशन भी मिला था. कृषि 2014 में 'मिस कर्नाटक' का खिताब जीत चुकी हैं. इसके अलावा वह 'बिग बॉस कन्नड़ सीजन 5' में बतौर कंटेस्टेंट नजर आई थीं, जहां उन्होंने अपनी दमदार मौजूदगी से खूब चर्चा बटोरी थी.
पुलिस जांच में होगा खुलासा
दिलचस्प बात यह है कि एक्टिंग में आने से पहले कृषि अमेरिका की एक कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर काम करती थीं. बाद में मॉडलिंग और फिल्मों की दुनिया में कदम रखकर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई. फिलहाल, पुलिस ने लोगों से किसी भी तरह की अटकलें न लगाने की अपील की है. जांच जारी है और सभी की नजर अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है.