Actor Ashish Kapoor Arrest: टीवी के जाने-माने एक्टर आशीष कपूर को लेकर बड़ी खबर आ रही है। उन्हें पुणे से गिरफ्तार किया गया है। इस खबर के आते ही टीवी इंडस्ट्री भी दंग रह गई है। यही नहीं एक्टर के फैंस भी हैरान हैं। बताया जाता है कि पूरा मामला एक रेप केस से जुड़ा हुआ है जिसके आरोप में एक्टर आशीष कपूर को गिरफ्तार किया गया है। आइए जानते हैं पूरा मामला।
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आशीष कपूर पर एक महिला ने कथित तौर पर आरोप लगाया है कि एक्टर ने टॉयलेट के अंदर उसका यौन शोषण किया है। ये मामला दिल्ली की एक हाउस पार्टी का बताया जा रहा है। महिला का आरोप है कि उसकी मुलाकात आशीष कपूर से सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। इसके बाद महिला को एक दोस्त के घर पार्टी में शामिल होने के लिए बुलाया गया था, जहां पर उसके साथ रेप किया गया।
वीडियोग्राफी करने का लगा आरोप
DCP (उत्तर) राजा बंथिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया है कि एक्टर आशीष कपूर को बुधवार को पुणे से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़िता ने शुरुआत में आरोप लगाया था कि एक्टर आशीष, उनके दोस्त और दो अन्य लोगों ने उसका यौन शोषण किया। यह भी दावा किया कि पार्टी के दौरान एक महिला ने उसके साथ मारपीट भी की थी। फिर पीड़िता ने दावा किया कि सिर्फ आशीष कपूर ने उसका रेप किया। वीडियोग्राफी भी की गई। पुलिस का कहना है कि हालांकि उन्हें जांच में कोई वीडियो नहीं मिला है।
पुलिस ने दर्ज किया था मामला
पुलिस ने आगे बताया कि महिला के मुताबिक, 11 अगस्त को आशीष कपूर, उनके दोस्त, उसकी पत्नी और 2 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। 21 अगस्त को एक्टर के दोस्त और उसकी पत्नी को जमानत दे दी गई। पीड़िता ने अपने बयान में एक्टर के दोस्त का नाम नहीं लिया था। CCTV फुटेज और गवाह के बयान से खुलासा हुआ है कि आशीष कपूर और महिला शौचालय में थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: Monali Thakur की शादीशुदा जिंदगी में दरार! 8 साल बाद पति से अलग हो रहीं सिंगर
कौन हैं आशीष कपूर?
बता दें कि आशीष कपूर टीवी के जाने-माने एक्टर हैं, जिनका जन्म दिल्ली में 17 अक्टूबर 1984 को हुआ था। उन्हें टीवी के कई फेमस शो में देखा जा चुका है। उन्हें 'शश्श्श…फिर कोई है' में वीर का किरदार निभाकर पॉपुलैरिटी मिली थी। इसके अलावा आशीष को बंदिनी, सरस्वतीचंद्र, वो अपना सा, लव मैरिज, देखा एक ख्वाब, प्रतिज्ञा 2 जैसे कई शो में देखा जा चुका है।