Vikram Bhatt recalls dating Sushmita Sen: बॉलीवुड एक्ट्रेस सुष्मिता सेन का नाम अबतक कई सितारों संग जुड़ चुका है. हाल ही में ललित मोदी ने उनके संग अपने अफेयर पर बातें रखी थीं. वहीं अब फिल्ममेकर विक्रम भट्ट ने भी सुष्मिता संग अपने अफेयर की बात की है. 90 के दशक में दोनों ने सालों एक दूसरे को डेट किया था. विक्रम के एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर भी रहे हैं. विक्रम भट्ट ने सुष्मिता संग रिश्ते के बारे में कई बार बात की है, और अब एक बार फिर उन्होंने इसपर बात रखी है. हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में विक्रम भट्ट ने कहा कि जब वो सुष्मिता को डेट कर रहे थे, तो उनके पास जहर खरीदने तक के पैसे नहीं थे. वो एक स्ट्रगलिंग डायरेक्टर थे.
सुष्मिता सेन को डेट कर रहे थे विक्रम भट्ट
90 के दशक में विक्रम भट्ट और सुष्मिता सेन के डेटिंग की खबरें रहीं. दोनों की पहली मुलाकात फिल्म 'दस्तक' के सेट पर हुई थी. साल 1996 में रिलीज हुई इस फिल्म को महेश भट्ट ने डायरेक्ट किया था, और विक्रम भट्ट उन्हें असिस्ट कर रहे थे. इसी दौरान दोनों की नजदीकियां बढ़ी. हालांकि विक्रम पहले से ही शादीशुदा थे और अपनी पत्नी अदिति से अलग हो चुके थे. लेकिन बाद में विक्रम भट्ट का सुष्मिता सेन से ब्रेकअप हो गया था.
सुष्मिता सेन को लेकर बोले विक्रम भट्ट
हाल ही में सिद्धार्थ कनन को दिए एक इंटरव्यू में विक्रम भट्ट ने कहा, 'मैं एक स्ट्रगलिंग डायरेक्टर था. मेरे पास जहर खाने के पैसे नहीं थे. मैं आमिर खान को डायरेक्ट कर रहा था और मिस यूनिवर्स को डेट कर रहा था, लेकिन मेरे पास पैसे नहीं थे. मैं कंगाल था. मुझे याद है कि मेरे पास सीडी खरीदने के लिए भी पैसे नहीं थे. मैंने एक फकीर की तरह जीवन जिया है.'
विक्रम ने आगे कहा, 'जो भी मेरी जिंदगी में आया, उसने कुछ न कुछ अच्छा ही किया. जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं, तो मेरे मन में अपनी जिंदगी में आए हर व्यक्ति के लिए प्रेम और सम्मान का भाव है. उन्होंने हमेशा मुझे कुछ न कुछ दिया है. आखिर उनसे लेने को क्या था? किसी ने मुझे प्यार दिया, किसी ने अपना समय दिया, किसी ने जिंदगी का सबक सिखाया. लेकिन उन्होंने मुझे कुछ न कुछ जरूर दिया.'
70 दिन जेल में रहे विक्रम भट्ट
बता दें अपनी पहली शादी टूटने के बाद विक्रम भट्ट ने साल 2020 में श्वेताबंरी सोनी से दूसरी शादी की, लेकिन दिसंबर 2025 में उन्हें और पत्नी को राजस्थान पुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया था. उन्हें 30 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप में दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक जेल में रहना पड़ा. इंटरव्यू के दौरान विक्रम ने जेल में बिताए अपने 70 दिनों का दर्दनाक अनुभव भी शेयर किया.