Vijaya Mehta Passes Away: फिल्म इंडस्ट्री से एक बड़ी दुखद खबर सामने आई है. मराठी थिएटर की मशहूर एक्ट्रेस और सर्वश्रेष्ठ निर्देशक विजया मेहता का उनके निवास पर निधन हो गया है. उन्होंने नाना पाटेकर और विक्रम गोखले जैसे दिग्गज कलाकारों की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया था. 92 साल की उम्र में विजया मेहता ने अंतिम सांस ली. उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ उठी है.

मराठी रंगमंच की मशहूर कलाकार का निधन

शुरुआती दिनों में विजया मेहता ने कई फिल्मों में एक्ट्रेस के तौर पर काम किया. 1934 को गुजरात के बड़ौदा में जन्मीं विजया मेहता ने मुंबई विश्वविद्यालय से स्नातक की उपाधि प्राप्त की थी. इसके बाद उन्होंने दिल्ली में इब्राहिम अलकाजी और आदि मर्जबान के मार्गदर्शन में नाट्यकला का अध्ययन किया. 1960 के दशक में उन्होंने मराठी प्रायोगिक रंगमंच में अपनी पहचान बनाई. उन्होंने नाटककारों विजय तेंदुलकर, अरविंद देशपांडे और श्रीराम लागू के साथ 'रंगायन' नामक नाट्य मंडली में काम किया. वे इस मंडली की संस्थापक सदस्य थीं. मराठी रंगमंच में उनका नाम हमेशा से ही आदरपूर्वक लिया जाता था.

---विज्ञापन---

राष्ट्रिय पुरस्कारों से सम्मानित

मराठी थिएटर में विजया मेहता बहुत बड़ा योगदान है. सी. टी. खानोलकर द्वारा लिखित उनका नाटक 'एक शून्य बाजीराव' भारतीय रंगमंच के इतिहास में एक मील का पत्थर माना जाता है. विजया मेहता को 1975 में निर्देशन में उत्कृष्टता के लिए संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. उन्हें 1986 में 'राव साहब' (1986) में अपनी भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला था.

विजया मेहता का निजी जीवन

विजया मेहता के निजी जीवन की बात करें तो, उन्होंने एक्ट्रेस दुर्गा खोटे के बेटे हरिन खोटे से शादी की थी. हरिन खोटे का असमय निधन हो जाने के बाद उन्होंने फर्रोख मेहता से दूसरी शादी थी. हरिन खोटे से उन्हें दो बच्चे थे. वरिष्ठ और सर्वश्रेष्ठ कलाकारों में से एक विजया मेहता को बड़े-बड़े स्टार्स अपना गुरु मानते थे. अनुपम खेर और नाना पाटेकर जैसे दिग्गज कलाकर विजया मेहता को अपना गुरु बताते थे.

---विज्ञापन---