Twisha Sharma Death Case: मॉडल और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ट्विशा शर्मा की मौत ने हर किसी को हैरान कर दिया है. मिस पुणे का खिताब जीत चुकीं ट्विशा अब इस दुनिया में नहीं रहीं, लेकिन उनकी मौत के बाद जो खुलासे हो रहे हैं, उन्होंने इस मामले को और भी सनसनीखेज बना दिया है. परिवार ने सीधे तौर पर ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद ये केस लगातार सुर्खियों में बना हुआ है.
कब हुई थी ट्विशा की शादी?
नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के क्रिमिनल वकील समर्थ सिंह से हुई थी. शादी के कुछ महीनों बाद ही 12 मई को ट्विशा अपने ससुराल में फांसी के फंदे पर लटकी मिलीं. शुरुआत में इसे आत्महत्या माना जा रहा था, लेकिन अब परिवार के आरोपों और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने मामले को नया मोड़ दे दिया है.
पोस्टमॉर्टम में खुलासा
रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्विशा प्रेग्नेंट थीं, लेकिन पोस्टमॉर्टम में खुलासा हुआ कि उनकी प्रेग्नेंसी एक हफ्ते पहले खत्म कराई गई थी. ट्विशा के परिवार का आरोप है, कि उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह ने उन पर जबरन अबॉर्शन का दबाव बनाया. परिवार का कहना है, कि ट्विशा लंबे समय से मेंटल स्ट्रेस से गुजर रही थीं, और उन्हें लगातार टॉर्चर किया जा रहा था.
ट्विशा के कैरेक्टर पर उठे सवाल
इतना ही नहीं, परिवार ने ये भी दावा किया कि ससुराल वाले ट्विशा के कैरेक्टर पर सवाल उठाते थे, जिससे वो बुरी तरह टूट चुकी थीं. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद परिवार ने हत्या की आशंका भी जताई है. इसी वजह से अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
परिवार का दावा
बताया जा रहा है, कि पुलिस ट्विशा के पति समर्थ सिंह की तलाश कर रही है, और कई जगह छापेमारी भी की जा रही है. वहीं उनकी सास गिरिबाला सिंह को कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल चुकी है. परिवार लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है.
कौन थीं ट्विशा शर्मा?
ट्विशा शर्मा सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर थीं. साल 2012 में उन्होंने 'मिस पुणे' का खिताब जीता था. मॉडलिंग के साथ-साथ वो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के तौर पर भी पहचान बना चुकी थीं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्विशा कुछ फिल्मों में भी काम कर चुकी थीं. शादी के बाद भी वो सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव रहती थीं, और उनकी तस्वीरें व वीडियोज ज्यादातर वायरल होते रहते थे. अब ट्विशा की मौत का सच क्या है, ये पुलिस जांच के बाद ही साफ हो पाएगा, लेकिन इस केस ने सोशल मीडिया से लेकर एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री तक हर जगह हलचल जरूर मचा दी है.