फायरिंग की घटना के बाद पहली बार टाइगर श्रॉफ किसी बड़े पब्लिक इवेंट में नजर आए और आते ही उन्होंने अपने अंदाज से महफिल लूट ली। दरअसल, शनिवार को मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया पर 'ग्लोबल पीस ऑनर्स 2026' का आयोजन हुआ, जहां टाइगर ने भगवान गणेश की वंदना 'देवा श्री गणेशा' पर शानदार डांस परफॉर्मेंस दी। 18 अक्टूबर को हुई फायरिंग की घटना के बाद यह पहला मौका था, जब टाइगर किसी बड़े इवेंट में स्टेज पर परफॉर्म करते दिखाई दिए। इस दौरान उनके चेहरे पर ना डर नजर आया और ना ही कोई झिझक। जबरदस्त एनर्जी, शानदार डांस मूव्स और कॉन्फिडेंस से भरी उनकी परफॉर्मेंस ने दर्शकों का दिल जीत लिया। टाइगर का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फैंस उनके डांस के साथ-साथ मुश्किल वक्त के बाद इस शानदार वापसी की भी तारीफ कर रहे हैं। बता दें कि 18 अक्टूबर को फुटबॉल ग्राउंड से घर लौटते वक्त कुछ हमलावरों ने टाइगर की गाड़ी पर गोलियां चलाई थीं। इस घटना के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। ऐसे में टाइगर को दोबारा पूरे आत्मविश्वास के साथ स्टेज पर देखकर फैंस ने राहत की सांस ली है।