Varanasi: मशहूर डायरेक्टर एसएस राजामौली इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘वाराणसी’ की तैयारियों में जुटे हुए हैं. जबसे इस फिल्म का पहला लुक सामने आया है, इसे लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज बना हुआ है. फिल्म में साउथ स्टार महेश बाबू लीड रोल में नजर आएंगे. हाल ही में इस फिल्म को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है. डायरेक्टर एसएस राजामौली के पिता विजयेंद्र प्रसाद ने फिल्म को लेकर ये साफ कर दिया है कि फिल्म में रामायण के राम और कुंभकर्ण के बीच युद्ध का एक जबरदस्त वॉर सीक्वेंस होगा. ये सीन कुछ ऐसा होगा जिसे देखकर दर्शकों के रोंगटे खड़े हो जाएंगे.
वाराणसी में होगा भगवान राम और कुंभकर्ण का युद्ध!
दरअसल हाल ही में फिल्मी फोकस के एक इवेंट में एसएस राजामौली के पिता और मशहूर स्क्रीनराइटर विजयेंद्र प्रसाद से ‘वाराणसी’ के उस 30 मिनट वाले सीन के बारे में पूछा गया. इस पर विजयेंद्र ने जवाब दिया, ‘ये राम और कुंभकर्ण के बीच का युद्ध है, आपने ट्रेलर में देखा था ना? वहां राम और कुंभकर्ण थे. भगवान हनुमान की पूंछ और उस पर एक रथ भी था. मैं उसी सीन की बात कर रहा हूं, जो दर्शकों को एकदम हैरान कर देगा.’ इसपर कुछ आगे बताने से पहले विजयेंद्र प्रसाद चौकन्ना हो गए. जब उनसे पूछा गया कि क्या ये फिल्म अलग-अलग टाइम जोन पर आधारित है और ये आइडिया किसका था? तो उन्होंने संभलते हुए कहा, ‘अब हमें इस बारे में और बात नहीं करनी चाहिए.’
पृथ्वीराज सुकुमारन बनेंगे कुंभकर्ण?
बता दें डायरेक्टर राजामौली पहले ही बता चुके हैं कि मूवी में महेश बाबू भगवान राम के रोल में दिखेंगे. ऐसे में अब फैंस सोशल मीडिया पर कयास लगा रहे हैं कि क्या पृथ्वीराज सुकुमारन इसमें कुंभकर्ण का किरदार निभाएंगे. फिल्म से पृथ्वीराज सुकुमारन का खतरनाक पोस्टर जारी हुआ था. वहीं अब विजयेंद्र प्रसाद के बयान के बाद फैंस अंदाजा लगा रहे हैं कि पृथ्वीराज सुकुमारन फिल्म में कुंभकर्ण बनकर महेश बाबू का मुकलबला करेंगे.
60 दिनों तक शूट किया ये सीन
फिल्म इस खास सीक्वेंस को लेकर राजामौली ने बताया, ‘हमने इस पूरे सीन को 60 दिनों तक शूट किया है और हाल ही में इसे पूरा किया गया. इसे फिल्माना हर दिन एक नई चुनौती की तरह था. इसका हर एक हिस्सा और सब-एपिसोड अपने आप में एक पूरी फिल्म जैसा महसूस हो रहा था, जिसके लिए हमें हर चीज को नए सिरे से सोचना और प्लान करना पड़ा. तमाम मुश्किलों को पार करने के बाद आखिरकार हमने इस सीक्वेंस की शूटिंग पूरी कर ली है. मेरा मानना है कि ये मेरी और महेश बाबू, दोनों के ही करियर के सबसे यादगार सीन्स में से एक होने वाला है.’ मेकर्स ने इन नए अपडेट्स ने फैंस की बेचैनी और बढ़ा दी है.
क्या होगी फिल्म की कहानी?
मेकर्स की बातें और फिल्म के टीजर को जोड़ें तो, लगता है कि 'वाराणसी' की कहानी टाइम ट्रैवल पर आधारित हो सकती है. राइटर विजयेंद्र प्रसाद के खुलासे ने फैंस को और भी उत्साहित कर दिया है. बता दें ‘वाराणसी’ में महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन के अलावा प्रियंका चोपड़ा भी लीड रोल में नजर आने वाली हैं. ये फिल्म 2027 में रिलीज होगी.