Shekhar Suman: बॉलीवुड स्टार शेखर सुमन (Shekhar Suman) अक्सर अपनी बातों से चर्चा में आ जाते हैं. उनके बोल हमेशा लोगों का ध्यान खींचने का काम करते हैं. हाल ही में, शेखर सुमन ने सुपरस्टार आमिर खान (Aamir Khan) की तीसरी शादी पर रिएक्शन दिया है, जो अब जमकर वायरल हो रहा है.
आमिर खान ने हाल ही में गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट (Gauri Spratt) से तीसरी शादी रचाई. 5 जुलाई 2026 को एक इंटीमेट वेडिंग के जरिए आमिर खान ने अपने घर पर ही गौरी स्प्रैट संग शादी रचाई. इस खास मौके पर कुछ खास मेहमान और परिवारवाले उपस्थित रहे. आमिर खान की इस तीसरी शादी पर अब शेखर सुमन का रिएक्शन सामने आया है.
आमिर खान की तीसरी शादी पर क्या बोले शेखर सुमन?
आमिर की तीसरी शादी पर बोलते हुए शेखर सुमन ने राजनीतिक मुद्दे पर तंज कसा. अपने शो में उन्होंने कहा, "इस व्यक्ति ने आने वाली कई पीढ़ियों को एक अनोखी सोच दी है और वह सोच है- किसी चीज को तब तक पाना जब तक आप उसे हासिल न कर लें." शेखर सुमन ने कहा कि व्यक्ति चाहे किसी भी प्रोफेशन का हो, उसे आमिर खान के पैर छूने चाहिए. उन्होंने कहा, "खासकर राजनेताओं को उनसे बहुत कुछ सीखना चाहिए. अक्सर कहा जाता है कि राजनेता गठबंधन बनाना जानते हैं लेकिन उन्हें इस व्यक्ति से गठबंधन बनाने की कला सीखनी चाहिए.
'ट्रिपल इंजन' चला रहे' आमिर खान
शो में शेखर सुमन ने आमिर खान की पिछली दो टूटीं शादियों का जिक्र किया और कहा कि एक्टर के पहले दो गठबंधन (रीना दत्ता और किरण राव के साथ शादियां) टूट गईं, इसलिए उन्हें गौरी के साथ तीसरी शादी को महागठबंधन कहना चाहिए. शेखर ने कहा, "हमारी सरकार तो ठीक से 'डबल इंजन' नहीं चला पा रही है और वो अब 'ट्रिपल इंजन' चला रहे हैं."