Sayani Chakraborty Passes Away: सोशल मीडिया की दुनिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. अपनी सादगी भरे गांव थीम वीडियो और जानवरों के प्रति प्यार के लिए पहचान बनाने वाली 23 साल की कंटेंट क्रिएटर सायनी चक्रवर्ती का निधन हो गया है. उनके अचानक चले जाने की खबर ने फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स को गहरे सदमे में डाल दिया है.
सोशल मीडिया पर थी जबरदस्त पॉपुलैरिटी
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले की रहने वाली सायनी चक्रवर्ती सोशल मीडिया पर काफी पॉपुलर थीं. उनके वीडियो में गांव की जिंदगी, प्रकृति और पशु-पक्षियों के प्रति लगाव साफ नजर आता था. यही वजह थी, कि कम समय में उन्होंने बड़ी संख्या में लोगों का प्यार और सपोर्ट हासिल कर लिया था.
क्या थी मौत की वजह?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सायनी का शव उनके घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है. हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है, और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है.
पुलिस की पड़ताल जारी
रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चिनसुराह इमामपाड़ा अस्पताल भेज दिया गया, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है, कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
लाखों चेहरों पर लातीं थीं मुस्कान
बता दें, सायनी चक्रवर्ती अपने कंटेंट के जरिए लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाती थीं. उनके वीडियो में दिखने वाली सादगी और पॉजिटिविटी को दर्शक खूब पसंद करते थे. उनके निधन की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई है. फैंस लगातार पोस्ट शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और इस घटना पर दुख जता रहे हैं.
फैंस दे रहे श्रद्धांजलि
फिलहाल, सायनी की मौत के पीछे की असली वजह क्या है. इसका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा, लेकिन इतना जरूर है, कि उनकी असमय मौत ने उनके चाहने वालों को झकझोर कर रख दिया है. सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बनाने वाली ये यंग क्रिएटर अब सिर्फ अपनी यादों और वीडियो के जरिए ही लोगों के बीच जिंदा रहेंगी.