Sapna Choudhary Viral Post: हरियाणवी डांसर और सिंगर सपना चौधरी इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं. हाल ही में उन्हें घरेलू हिंसा मामले में दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट से अंतरिम राहत मिली है. कोर्ट ने उनके पति यशवीर साहू के खिलाफ कई अहम निर्देश जारी किए हैं. इस बीच सपना चौधरी का एक सोशल मीडिया पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग ट्रोलर्स और आलोचकों को दिया गया उनका जवाब मान रहे हैं.
सपना चौधरी ने शेयर किया पोस्ट
सपना चौधरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह हरे रंग की खूबसूरत साड़ी में नजर आ रही हैं. वीडियो में वह कैमरे के सामने मुस्कुराते हुए पोज देती दिखाई दे रही हैं. हालांकि, लोगों का ध्यान उनके वीडियो से ज्यादा उसके कैप्शन ने खींचा, सपना ने पोस्ट के साथ लिखा, 'सुनो सखी… कुछ तो लोग कहेंगे, वरना बेचारे जिंदा कैसे रहेंगे. उनका काम है कहना, आप बस बहरा बन जाएं और अपने चेहरे पर स्माइल बनाए रखें.'
पोस्ट में लिखी ये खास बात
उनके इस मैसेज को फैंस ने काफी पसंद किया और कमेंट सेक्शन में उनका सपोर्ट करते हुए हार्ट और फायर इमोजी की भरमार कर दी. दरअसल, यह पोस्ट ऐसे समय पर सामने आया है जब सपना चौधरी अपने शादीशुदा विवाद को लेकर चर्चा में हैं. दिल्ली की द्वारका कोर्ट ने उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए उन्हें अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है. अदालत ने आदेश दिया है कि अगली सुनवाई तक उनके पति यशवीर साहू न तो उनसे संपर्क कर सकेंगे और न ही उनके घर, काम करने वाली जगह या किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में जा सकेंगे.
सपना को कोर्ट से मिली अंतरिम राहत
सपना ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि उन्हें वैवाहिक जीवन में घरेलू हिंसा का सामना करना पड़ा. उन्होंने यह भी कहा कि विवादों के कारण उन्हें अपना ससुराल छोड़कर दिल्ली के नजफगढ़ स्थित मायके में रहना पड़ रहा है. अदालत में पेश किए गए दस्तावेजों, तस्वीरों और ऑडियो रिकॉर्डिंग को देखने के बाद कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए यह अंतरिम राहत दी. मामले की अगली सुनवाई 25 जुलाई को होगी.
पॉपुलर कलाकार में गिनी जाती हैं सपना
बता दें कि सपना चौधरी हरियाणा की सबसे पॉपुलर कलाकारों में गिनी जाती हैं. 'तेरी आंख्या का यो काजल' और 'सॉलिड बॉडी' जैसे सुपरहिट गानों ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई. स्टेज डांस से करियर की शुरुआत करने वाली सपना 'बिग बॉस' में भी नजर आ चुकी हैं और आज भी उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग बनी हुई है.