---विज्ञापन---

राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव ने चेक बाउंस केस में दिया रिएक्शन, मिल रही मदद पर कही ये बात

बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव इस समय अपने जीवन के मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. 9 करोड़ के चेक बाउंस केस में उन्हें तिहाड़ जेल जाना पड़ा है. इस मामले में राजपाल यादव ने खुद सरेंडर किया है. ऐसे में उनकी मदद के लिए कई बॉलीवुड सितारे सामने आए हैं.

बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव अपने जीवन के मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. 9 करोड़ के चेक बाउंस मामले में उन्हें 6 महीने जेल की सजा सुनाई गई. ऐसे में हर कोई उन्हें लेकर चिंता जाहिर कर रहा है. इंडस्ट्री से राजपाल के लिए कई लोगों का सपोर्ट आया है. इसपर पत्नी राधा यादव ने आभार जताया है. उन्होंने कहा कि कई लोग उनके पति के साथ खड़े हुए हैं और मदद के लिए आगे आए हैं. पीटीआई को दिए बयान में राधा ने बुद्धवार को कहा, "सबने उनका साथ दिया है. इंडस्ट्री ने बहुत सपोर्ट किया है. जो भी लोग मदद के लिए आगे आ रहे हैं, उनका बहुत-बहुत शुक्रिया."

क्या है पूरा मामला

चेक बाउंस का ये पूरा मामला 2010 का है, जब राजपाल यादव ने अपनी पहली फिल्म बनाने के लिए दिल्ली की कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ का लोन लिया. इस लोन को सूत समेत 8 करोड़ लौटाने का समझौता हुआ, बाद में 7 करोड़ तय किया गया था. लेकिन राजपाल इसकी भरपाई नहीं कर सके और समय के साथ ये रकम 9 करोड़ रुपये में बदल गई. 2024 में कोर्ट ने फिर बकाया चुकाने का आदेश दिया, तो अक्टूबर 2025 में राजपाल ने 75 लाख जमा किया और बाकी रकम नहीं दी. दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 के वादे भी पूरे नहीं हुए. ऐसे में कोर्ट ने साफ कहा- 20 बार वादा तोड़ा, अब छह महीने की सजा काटनी होगी. अदालत ने राजपाल यादव को कोर्ट के आदेशों की बार-बार अवहेलना करने और पूरा कर्ज समय पर न चुकाने के लिए कैद की सजा सुनाई है.

---विज्ञापन---

मदद के लिए सामने आए सेलेब्स

इस मामले में राजपाल यादव ने खुद तिहाड़ जेल आकर अपना सरेंडर किया. इसी दौरान उन्होंने कहा था कि उनके पास पैसा नहीं है, उनका कोई दोस्त नहीं है और वो अकेले पड़ गए हैं. इसके बाद से हर कोई उनकी स्थिति को लेकर हैरान है. ऐसे में कई बॉलीवुड सेलेब्स उनकी आर्थिक मदद करने के लिए आगे आए हैं. इसमें सबसे पहला नाम सोनू सूद का है. इनके अलावा अनीज बज्मी, कमाल आर खान, गुरमीत चौधरी, प्रोड्यूसर इंद्रजीत सिंह, जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने भी उनकी मदद करने की बात कही.

---विज्ञापन---

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन और डेविड धवन ने भी राजपाल मदद करने का भरोसा दिया है. राजपाल के मैनेजर गोल्डी जैन ने 25 साल के रिश्ते का जिक्र करते हुए कहा कि कई एक्टर्स, डायरेक्टर्स और प्रोड्यूसर्स ने मदद की पेशकश की है. बता दें कल यानी 12 फरवरी को उनकी जमानत की सुनवाई होनी है. ऐसे में हर कोई अपने चहेते कॉमेडी एक्टर को घर आते देखना चाहता है.


Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 and Download our - News24 Android App. Follow News24 on Facebook, Telegram, Google News.

---विज्ञापन---