अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे पर हर कोई शोक व्यक्त कर रहा है। हर कोई इस हादसे से टूट गया है। हाल ही में ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा ने भी इस हादसे पर दुख जताते हुए पोस्ट शेयर किया था। वहीं अब उनकी कजिन और एक्ट्रेस मीरा चोपड़ा ने एयर इंडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया है। एक्ट्रेस ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए एयर इंडिया की खूब आलोचना की। वहीं उनका ये पोस्ट काफी वायरल हो रहा है और नेटिजन्स ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। आइए आपको भी बताते हैं आखिर मीरा चोपड़ा का गुस्सा एयर इंडिया पर क्यों फूटा? यह भी पढ़ें: ‘ट्यूमर से मुक्त लेकिन…’, Dipika Kakar ने अस्पताल से घर लौटने के बाद दिया ताजा हेल्थ अपडेट

मीरा का क्यों फूटा एयर इंडिया पर गुस्सा?

दरअसल मीरा ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर की। इसमें उन्होंने एयर इंडिया की असंवेदनशीलता पर नाराजगी जताई है। एक्ट्रेस ने लिखा, 'एयर इंडिया की असंवेदनशीलता बेहद चौंकाने वाली है। मेरे पति 15 जून को एयर इंडिया से दुबई जाने वाले थे, लेकिन हमने सुरक्षा उपायों की कमी को देखते हुए उनकी यात्रा रद्द करने का निर्णय लिया। इसके बावजूद एयर इंडिया ने टिकट की राशि वापस करने से इनकार कर दिया, यह कहकर कि उन्हें इस बारे में कोई सूचना नहीं मिली है।'

एयर इंडिया पर लगाया आरोप

एक्ट्रेस ने आगे लिखा, 'हम हमेशा एयर इंडिया के साथ उड़ान भरने पर गर्व महसूस करते थे क्योंकि यह हमारी राष्ट्रीय एयरलाइन है और इसे प्रतिष्ठित टाटा समूह संचालित करता है। लेकिन आज जो अनुभव हमें मिला, और जिस तरह से एयर इंडिया अपने ग्राहकों के साथ व्यवहार कर रही है, वह बेहद निराशाजनक है। आज लोग यात्रा करने से डर रहे हैं और एयरलाइन को इसकी कोई परवाह नहीं है। 240 लोगों की जान चली गई है और फिर भी एयर इंडिया की चुप्पी और रवैया हैरान करने वाला है। उन्हें वाकई शर्म आनी चाहिए।'

नेटिजन्स ने किया एक्ट्रेस को ट्रोल

मीरा की इस पोस्ट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें ट्रोल कर दिया। एक यूजर ने लिखा, 'क्या बकवास पोस्ट है! अगर आपको एयर इंडिया में उड़ान भरने से डर लगता है, तो आप किस एयरलाइन में उड़ान भरने में सुरक्षित महसूस करेंगे? हर एयरलाइन का एक दुर्घटना इतिहास होता है। क्या आपने कभी बिना किसी दुर्घटना के साइकिल चलाना या गाड़ी चलाना सीखा? क्या आपने उसके बाद गाड़ी चलाना बंद कर दिया और उसका बहिष्कार कर दिया? एक्शन, लाइट्स, ड्रामा।' दूसरे यूजर ने लिखा, 'एयर इंडिया हमारी सबसे पुरानी एयरलाइंस है, जो लगभग 80 वर्षों से उड़ान भर रही है, दुर्घटनाओं की दर भी बहुत कम है, इस संवेदनशील समय में उनका समर्थन करने के बजाय आप हंगामा कर रहे हैं, आपको शर्म आनी चाहिए।' वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, 'जीवन जी लो मैडम! जो लोग गुजर गए उनके प्रति आपकी कोई संवेदनशीलता नहीं है। इसके अलावा, जब आप टिकट खरीदते हैं तो उसमें निहित अनुबंध संबंधी शर्तें होती हैं, अपनी रद्दीकरण और वापसी नीति पढ़ें।' यह भी पढ़ें: Kirron Kher को पति Anupam Kher का खास तोहफा, बर्थडे पर लिखा दिल छू जाने वाला नोट