Prakash Raj: साउथ स्टार प्रकाश राज अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में आ जाते हैं. हाल ही में उनके खिलाफ तिरुपति के एक कोर्ट में आपराधिक शिकायत दर्ज की गई है. ये मामला उनकी कथित तौर पर हिंदू देवी-देवताओं और रामायण पर की गई टिप्पणी से जुड़ा है. शिकायतकर्ता के मुताबिक प्रकाश राज ने सार्वजनिक तौर पर ऐसे बयान दिए, जिनसे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं.

हिंदू देवी-देवताओं को लेकर दिए भड़काऊ बयान

प्रकाश के खिलाफ ये शिकायत BJP नेता और तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ट्रस्ट बोर्ड के सदस्य जी. भानुप्रकाश रेड्डी ने दर्ज कराई है. उन्होंने तिरुपति की एडिशनल ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास कोर्ट में ये मामला सोमवार 15 जून को दाखिल किया. उनका कहना है कि प्रकाश राज ने कई सार्वजनिक कार्यक्रमों में हिंदू देवी-देवताओं को लेकर भड़काऊ बयान दिए.

---विज्ञापन---

प्रकाश राज ने भगवान राम और लक्ष्मण को लेकर दिया विवादित बयान

शिकायतकर्ता ने कहा है कि एक्टर ने अपने अपने एक बयान में कहा था कि भगवान राम और लक्ष्मण उत्तर भारत से दक्षिण भारत आक्रमण करने आए थे, और इसे उन्होंने लंका से जोड़कर प्रस्तुत किया था. भानुप्रकाश रेड्डी ने अपनी शिकायत में कहा है कि उन्होंने 17 अप्रैल को सोशल मीडिया पर वीडियो देखा, जिसमें प्रकाश राज भगवान राम और लक्ष्मण और पवित्र महाकाव्य रामायण के बारे में अपमानजनक, तथ्यात्मक रूप से गलत और भड़काऊ बयान दे रहे थे. बता दें प्रकाश राज का ये वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था.

कानून के अनुसार एक्टर पर कार्रवाई की मांग

शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रकाश राज ने जानबूझकर ऐसा बयान दिया, ताकि 'आर्यन-द्रविड़' जैसी बहसों को बढ़ावा दिया जा सके. उन्होंने कहा कि इससे लोगों में तनाव पैदा हो सकता है. इस तरह की टिप्पणियां भारत की सांस्कृतिक एकता और धार्मिक सद्भाव के लिए नुकसानदायक हैं. शिकायत में आगे कहा गया कि प्रकाश राज के बयानों से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. यह सार्वजनिक शांति के खिलाफ है, इसलिए इस मामले पर गंभीरता से विचार किया जाए और एक्टर पर कानून के अनुसार कार्रवाई हो.

---विज्ञापन---

---विज्ञापन---

---विज्ञापन---