मिस यूनिवर्स 2026 का ताज प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो के सिर सज गया है. 75वें मिस यूनिवर्स ग्रैंड फिनाले में जेनिफर ने दुनियाभर से आईं सुंदरियों को पीछे छोड़ते हुए शानदार जीत दर्ज की. वहीं, भारत की काजिया लिज मेजो ने टॉप-30 में जगह बनाई, लेकिन टॉप-12 तक पहुंचने में कामयाब नहीं हो सकीं.
20 साल बाद प्यूर्टो रिको को मिला ताज
मिस यूनिवर्स 2026 का ग्रैंड फिनाले प्यूर्टो रिको में आयोजित हुआ. इस बार 116 देशों और अलग-अलग जगहों से आईं सुंदरियों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था. अपने ही देश में जीत दर्ज कर 27 साल की जेनिफर ने प्यूर्टो रिको को छठा मिस यूनिवर्स खिताब दिलाया. इससे पहले साल 2006 में जुलेका रिवेरा ने यह ताज जीता था. ऐसे में करीब 20 साल बाद यह खिताब एक बार फिर प्यूर्टो रिको लौटा है.
https://www.instagram.com/p/DgJpEgiBLhu/?utm_source=ig_web_copy_link&fqnt=NTc4MTIwNjQ2YQ==
मेक्सिको की फातिमा बॉश ने जेनिफर को पहनाया ताज
मिस यूनिवर्स 2025 की विजेता मेक्सिको की फातिमा बॉश ने जेनिफर को ताज पहनाया. इस खास मौके पर 75वीं एनिवर्सरी के लिए तैयार किया गया नया ताज भी चर्चा में रहा. 'द रेडिएंस ऑफ एन इटरनल लेगेसी' नाम के इस ताज में 18 कैरेट व्हाइट गोल्ड और 3,150 हीरे जड़े हैं.
कौन हैं जेनिफर बैरेटो?
जेनिफर बैरेटो ने फरवरी 2026 में रनवे डेब्यू किया था. इसके बाद जून में उन्होंने मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको का खिताब जीता और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचीं. जेनिफर ने साइकोलॉजी में बैचलर और सोशल वर्क में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है.
साइकोलॉजी में डिग्री, अमेरिकी सेना के साथ काम
वह साल 2021 से टेक्सास के फोर्ट कैवाजोस में अमेरिकी सेना के फैमिली एडवोकेसी प्रोग्राम से जुड़ी हैं. यहां उन्होंने घरेलू हिंसा और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार के पीड़ितों की मदद की है. वह प्रिवेंशन स्पेशलिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं.
भारत की काजिया का सफर
भारत की 19 साल की काजिया लिज मेजो ने टॉप-30 में पहुंचकर देश का प्रतिनिधित्व किया. उन्होंने अगस्त 2026 में जयपुर में मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीता था. हालांकि, वह टॉप-12 में जगह नहीं बना सकीं और उनका सफर यहीं खत्म हो गया.