तमिल फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की CEO काव्या मारन एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. काफी समय से दोनों के रिलेशनशिप और शादी की अफवाहें उड़ रही थीं, लेकिन अब एक नया बयान इन चर्चाओं को और हवा दे रहा है. दिलचस्प बात यह है कि यह बयान किसी सोशल मीडिया यूजर का नहीं, बल्कि खुद अनिरुद्ध के अंकल और अभिनेता वाई. जी. महेंद्र का बताया जा रहा है.
क्या बोले वाई. जी. महेंद्र?
हाल ही में एक बातचीत के दौरान वाई. जी. महेंद्र ने कथित तौर पर अनिरुद्ध की शादी का जिक्र करते हुए उन्हें बधाई दी. उन्होंने कहा कि उन्हें जो जानकारी मिली है, उसके मुताबिक अनिरुद्ध जल्द ही शादी करने वाले हैं.
काव्या की जमकर तारीफ की
इतना ही नहीं, उन्होंने काव्या मारन का नाम लेते हुए उनकी जमकर तारीफ भी की. महेंद्र ने कहा कि काव्या कोई आम लड़की नहीं हैं. वह बेहद काबिल हैं और इतनी बड़ी IPL टीम को सफलतापूर्वक संभाल रही हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अनिरुद्ध और काव्या एक अच्छी जोड़ी साबित हो सकते हैं.
कब होगी शादी?
हालांकि, महेंद्र ने शादी की तारीख, जगह या किसी अन्य आधिकारिक जानकारी का खुलासा नहीं किया. वहीं सबसे अहम बात यह है कि अब तक न तो अनिरुद्ध रविचंदर और न ही काव्या मारन ने अपनी शादी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा की है. ऐसे में फिलहाल इन खबरों की पुष्टि नहीं हुई है.
पहले भी वायरल हो चुकी है पोस्ट
वैसे यह पहली बार नहीं है जब दोनों का नाम एक साथ जुड़ा हो. साल 2025 में भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर एक पोस्ट वायरल हुई थी. जिसमें दावा किया गया था कि अनिरुद्ध और काव्या लंबे समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं और शादी की तैयारी कर रहे हैं. उस वक्त यह भी कहा गया था कि सुपरस्टार रजनीकांत ने इस रिश्ते को लेकर काव्या के पिता कलानिधि मारन से मुलाकात की थी.
अनिरुद्ध ने शादी की खबरों को किया था खारिज
हालांकि, उस समय अनिरुद्ध ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शादी की खबरों को खारिज करते हुए लिखा था, 'शादी? Lol… शांत हो जाओ दोस्तों, कृपया अफवाहें फैलाना बंद करो.' लेकिन उन्होंने काव्या के साथ अपने रिश्ते को लेकर कोई टिप्पणी नहीं की थी.
फैंस की एक्साइटमेंट हाई
फिलहाल, वाई. जी. महेंद्र के बयान के बाद एक बार फिर दोनों की शादी की चर्चाएं तेज हो गई हैं. अब फैंस को इंतजार है कि आखिर अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन इस पूरे मामले पर कब और क्या आधिकारिक बयान देते हैं.