Jennifer Winget marries William Ishmael: टीवी की मशहूर अदाकारा जेनिफर विंगेट इन दिनों अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. हाल ही में एक्ट्रेस का ब्राइडल लुक तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद उनकी शादी को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं कि एक्ट्रेस ने बॉयफ्रेंड विलियम से शादी कर ली है. वहीं अब एक्ट्रेस ने खुद इन अटकलों पर अब विराम लगा दिया है. जेनिफर ने अपनी और विलियम इश्माएल की शादी की पुष्टि कर दी है. सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने इसकी जानकारी दी है.
जेनिफर विंगेट ने रचाई दूसरी शादी
आज शनिवार यानी 18 जुलाई को जेनिफर विंगेट ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें वो अपने पति विलियम के साथ शादी के जोड़े में दिख रही हैं. दोनों ने क्रिश्चियन रीति-रिवाज से शादी की है. जेनिफर सफेद रंग के गाउन में नजर आ रही हैं. वहीं, विलियम ब्लू कलर के सूट में दिखाई दिए.
एक-दूजे को किस करते दिखे जेनिफर-विलियम
इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए जेनिफर ने लिखा- 'सितारे मिल गए'. जेनिफर की इस वीडियो में शामिल एक तस्वीर में कपल ने एक-दूसरे का हाथ थामा हुआ है. जेनिफर अपनी अंगूठी फ्लॉन्ट करती दिखी हैं. वहीं, एक दूसरी तस्वीर में कपल एक-दूजे को किस करते दिखे हैं. जेनिफर ने पोस्ट में विलियम को भी टैग किया और लिखा, 'और, आखिरकार हमारे सितारे मिल गए.'
जेनिफर विंगेट की पहली शादी
जेनिफर के पति विलियम इश्माएल सिंगापुर के बिजनेसमैन हैं. बता दें कि ये जेनिफर की दूसरी शादी है. इससे पहले एक्ट्रेस ने साल 2012 में एक्टर करण सिंह ग्रोवर से शादी की थी. हालांकि, साल 2014 में दोनों का तलाक हो गया और करण सिंह ग्रोवर ने बिपाशा बासु से शादी कर ली.