Jantee Hazarika: पौराणिक फिल्म कृष्णावतारम (Krishnavataram) में शामिल हर एक कलाकार की परफॉर्मेंस को सराहा जा रहा है. बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म भले ही थोड़ी पीछे रह गई, लेकिन इसके किरदार, कहानी और म्यूजिक लगातार दर्शकों का दिल जीत रहे हैं. फिल्म में भगवान कृष्ण की पत्नी ‘जांबवती’ के किरदार में नजर आईं जानती हजारिका को फिल्मों में आने में करीब 10 साल का वक्त लग गया.
बतौर आउटसाइडर और असम से आईं जानती हजारिका के लिए बॉलीवुड में डेब्यू करना आसान नहीं रहा. इसके लिए 10 उन्होंने साल तक रिजेक्शन झेला. असम से मुंबई पहुंचीं जानती को कई बार उन्हें स्किन कलर और पर्सनैलिटी को लेकर रिजेक्ट कर दिया गया. बचपन के दिनों से उन्हें ये सब झेलना पड़ा. लेकीन उन्होंने कभी हार नहीं मानी.
मिस इंडिया में पहुंचने के बाद बढ़ा हौसला
E24 बॉलीवुड से बात करते हुए जानती हजारिका ने बताया कि उनके लिए उनका सपना सबसे बड़ा था और उसके लिए उन्होंने हमेशा प्रयास किया. उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि एक दिन वो बड़े पर्दे पर आएंगी. जानती बताती हैं कि कॉलेज के दौरान अपनी मां के कहने पर उन उन्होंने एक फैशन शो में भाग लिया, जिसके बाद साल 2014 में उन्होंने ‘North East Diva’ जीता. यहां से जानती को मिस इंडिया में भाग लेने का मौका मिला. उन्होंने बताया कि मिस इंडिया में पहुंचने के बाद उनका हौसला बढ़ा और फिर जानती ने कभी मुड़कर नहीं देखा. साल 2016 में जानती हजारिका मुंबई आई गईं और यहां कई एड फिल्म और मॉडलिंग प्रोजेक्ट्स में काम किया.
लोगों ने कहा “तुम हीरोइन मटेरियल नहीं”
फिल्म कृष्णावतारम का हिस्सा बनने से पहले जानती ने कई ऑडिशन दिए. कई जगह उन्हें कहा गया “तुम हीरोइन मटेरियल नहीं”. लेकिन जानती के अंदर हमेशा कुछ कर दिखाने का जज्बा था. उन्होंने साफ किया कि वो अपने प्रोफेशन के प्रति हमेशा ईमानदार रहेंगी और अगर किस्मत में लिखा होगा तो एक दिन उन्हें काम जरूर मिलेगा. जानती के इसी विश्वास ने उनके सपने को जगाए रखा और फाइनली 2024 में वो दिन आया जब जानती को देखते ही डायरेक्टर ने कृष्णावतारम फिल्म में ‘जांबवती’ का रोल ऑफर कर दिया. फिल्म में भगवान कृष्ण का किरदार सिद्धार्थ गुप्ता ने निभाया है.
सेट पर था फैमिली जैसा माहौल
फिल्म की शूटिंग और सेट पर माहौल को लेकर जानती ने कहा कि सेट पर मौजूद हर एक कलाकार काफी टैलेंटेड है. बाकी को-स्टार्स के साथ उन्होंने खूब मस्ती की. जानती बताती हैं कि कृष्णावतारम फिल्म का सेट बहुत ही भव्य और सुंदर बनाया गया था और ऐसा सेट उन्होंने अपनी जिंदगी में पहली बार देखा. वो कहती हैं कि सेट पर सब एक फैमिली की तरह रहते थे. हर कोई एक-दूसरे का सम्मान करता था. वहीं क्लाइमेक्स के रोने वाले सीन के लिए उन्हें काफी मशक्कत करनी पड़ी थी. फिल्म से जानती ने भगवान कृष्ण के किरदार में नजर आए सिद्धार्थ गुप्ता की खूब तारीफ की.
कोई बनावटी नहीं, सच्ची, सहज और बेहद सरल हैं जानती हजारिका
'कृष्णावतारम' जानती हजारिका की पहली फिल्म है. आज इस मुकाम तक पहुंचीं जानती हजारिका अपनी जड़ों पर बहुत गर्व करती हैं. उनकी बातों में ईमानदारी साफ दिखती है. E24 बॉलीवुड से बात करते हुए उन्होंने कोई बनावटी जवाब नहीं दिया. वैसे तो हर एक कलाकार के लिए उसकी पहली फिल्म खास होती है, लेकिन जानती के लिए कृष्णावतारम और भी ज्यादा खास है. उनकी आवाज में एक सच्चाई है जो हमें अक्सर सुनने को नहीं मिलती. कृष्णावतारम की ‘जांबवती’ यानी जानती हजारिका की सादगी, उनका समर्पण, और असम की मिट्टी की खुशबू उनकी बातों में साफ महसूस होती है. मुंबई की चमक-दमक में भी उन्होंने खुद को बेहद सरल और सहज बनाया हुआ है.