IND vs PAK: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 एशिया कप 2025 का मैच दुबई में खेला गया. इस मैच में भारत ने शानदार जीत दर्ज की. इसके बाद भी कई लोग इस मैच से खुश नहीं थे. हालांकि कुछ लोग थे जो इस मैच और भारत की जीत से खुश थे, लेकिन ज्यादातर लोग भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मैच को लेकर खफा थे. वहीं, इस बीच पुणे में इस मैच की वजह से खूब हंगामा हुआ. यहां शहर के एक क्लब के बाहर कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तानी सिंगर को बुलाने का आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया और क्लब के बाउंसरों के साथ मारपीट की.
पाकिस्तानी सिंगर का लाइव परफॉर्मेंस
यह मामला पुणे के कल्याणी नगर इलाके का है. यहां बॉलर नाम के एक क्लब के बाहर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया. उनका आरोप था कि क्लब के मालिकों ने भारत और पाकिस्तान की स्क्रीनिंग के दौरान एक पाकिस्तानी सिंगर को बुलाया है और उससे लाइव परफॉर्मेंस करवाई है. विवाद को बढ़ता देख पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस टीम ने सभी प्रदर्शनकारियों पर एक्शन लिया.
यह भी पढ़ें: Emmy Awards 2025: बेस्ट एक्टर-एक्ट्रेस से लेकर दमदार सीरीज तक, जानें किस-किस ने जीता अवॉर्ड; देखें लिस्ट
कौन है वो सिंगर?
पुलिस ने बताया कि इस क्लब में लाइव परफॉर्मेंस करने वाले सिंगर का नाम इमरान नासिर खान है, जो कि नीदरलैंड के रहने वाले हैं. सोशल मीडिया पर ऐसी अफवाह फैल गई कि इमरान एक पाकिस्तानी सिंगर हैं. जैसे ही इसकी जानकारी हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं को हुई, उन्होंने क्लब के बाहर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इस दौरान उन्होंने क्लब के बाउंसरों के साथ भी मारपीट की.
भारत-पाकिस्तान का मैच
बता दें कि पहलगाम आंतकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच खेला गया ये पहला मैच था, जिसमें भारत ने 7 विकेट से जीत लिया. देश में कई लोग इस मैच के खिलाफ थे.