IIT Baba Abhay Singh Death Rumors: प्रयागराज महाकुंभ के दौरान रातों-रात इंटरनेट सेंसेशन बने 'IIT बाबा' उर्फ अभय सिंह को लेकर सोशल मीडिया पर एक बेहद चौंकाने वाली और डरावनी खबर तेजी से वायरल हो रही थी. दावा किया जा रहा था कि उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है. हालांकि, इन अफवाहों पर अब हरियाणा की हिसार पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए इस पूरी खबर को पूरी तरह फर्जी और बेबुनियाद करार दिया है.
हिसार पुलिस का आधिकारिक बयान
हिसार पुलिस के सोशल मीडिया प्रभारी अमरिंदर सिंह ने सामने आकर इन तमाम अफवाहों पर विराम लगाया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर 'IIT बाबा' की मौत और शव मिलने से जुड़ी जो भी खबरें चल रही हैं, उनमें रत्तीभर भी सच्चाई नहीं है.
किसकी लाश को बनाया गया अफवाहों का जरिया?
पुलिस अधिकारी ने खुलासा किया कि असल मामला यह था कि घटना के तीन दिन पहले हिसार के पीएलए (PLA) इलाके में राहुल जैन नाम के एक व्यक्ति का शव मिला था, जिसे पुलिस थाने लाया गया था. इसी खबर को तोड़-मरोड़कर और भ्रामक तरीके से 'IIT बाबा' का शव बताकर धड़ल्ले से वायरल किया जा रहा है.
पुलिस की सख्त चेतावनी और अपील
प्रशासन ने जनता और सोशल मीडिया यूजर्स से हाथ जोड़कर अपील की है कि इस तरह की झूठी और सनसनीखेज खबरों को बिना पुष्टि के आगे शेयर या फॉरवर्ड न करें, क्योंकि इससे समाज में भ्रम फैलता है.
कौन हैं महाकुंभ के वायरल IIT बाबा?
आपको बता दें कि अभय सिंह ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT बॉम्बे से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी और इसके बाद डिजाइन में मास्टर्स भी किया था. वे कनाडा में कॉर्पोरेट नौकरी करते हुए सालाना 36 लाख रुपये तक कमा रहे थे.
डिप्रेशन और अध्यात्म की तरफ झुकाव
कनाडा में नौकरी के दौरान वे डिप्रेशन और मानसिक तनाव का शिकार हो गए थे, जिसके बाद उन्होंने अपनी हाई-फाय कॉर्पोरेट लाइफ और मोटी सैलरी को अलविदा कह दिया. वे आध्यात्म के रास्ते पर चल पड़े और 2025 के महाकुंभ मेले में साधु के रूप में नजर आए थे, जहां उनका वीडियो इंटरनेट पर आग की तरह वायरल हुआ था.